खेत के मकान का ताला तोड़कर ट्यूबवेल पंप चोरी, संदेही के घर मिला किसान का पंप !
बगारदरहा में 9 हजार रुपये कीमत के 2 एचपी मोटर पंप की चोरी का मामला, किसान की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया अपराध
सांकरा। खेत में बने मकान का ताला तोड़कर ट्यूबवेल मोटर पंप चोरी करने का मामला सामने आया है। ग्राम धरमपुर निवासी किसान जसकेतन पण्डा की शिकायत पर सांकरा पुलिस ने ग्राम बगारदरहा निवासी सुधीर यादव के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जसकेतन पण्डा (44 वर्ष), पिता सीताराम पण्डा, ग्राम धरमपुर निवासी हैं। उनका खेत ग्राम बगारदरहा में है, जहां सिंचाई कार्य के लिए ट्यूबवेल पंप रखा हुआ था। किसान के मुताबिक, खेत में बने मकान के अंदर रखा पुराना इस्तेमाल किया हुआ 2 एचपी लक्ष्मी कंपनी का मोटर पंप चोरी हो गया। इसकी कीमत करीब 9 हजार रुपये बताई गई है।
ताला टूटा मिला, अंदर से गायब था मोटर पंप
प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि 13 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे जब वह अपने खेत पहुंचा, तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर वहां रखा मोटर पंप गायब था। इसके बाद उसने आसपास पूछताछ शुरू की।
पंप बेचने की बात सामने आने पर किसान पहुंचा घर
शिकायत के अनुसार, ग्राम बगारदरहा के बनमाली भोई ने किसान को बताया कि सुधीर यादव, पिता जैमल यादव, उसके पास मोटर पंप बेचने के लिए लाया था। इस जानकारी के बाद जसकेतन पण्डा, प्रमोद भोई और नारायण नाई के साथ बनमाली भोई के घर पहुंचे। इसके बाद वे सुधीर यादव के घर गए, जहां कथित तौर पर किसान का मोटर पंप रखा मिला। किसान ने पंप की पहचान अपनी संपत्ति के रूप में की और डायल 112 को सूचना दी।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
मामले में जसकेतन पण्डा ने 14 अक्टूबर 2026 को थाना सांकरा में लिखित शिकायत प्रस्तुत की। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर सुधीर यादव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(1) एवं 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फिलहाल मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।

Social Plugin