पिथौरा के राइस मिल से 60 हजार रुपये का केबल वायर चोरी, अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज
रूपानंद सोई - 94242-43631
पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोटापारा स्थित व्हाइट गोल्ड राइस मिल से करीब 300 मीटर इलेक्ट्रिक केबल वायर चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी गए केबल की कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है। राइस मिल संचालक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मशीन चालू नहीं हुई तो सामने आई चोरी
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पिथौरा के वार्ड क्रमांक 11 निवासी राजकुमार अग्रवाल ग्राम पोटापारा में NH-53 के पास व्हाइट गोल्ड राइस मिल का संचालन करते हैं। मिल में पिछले 10 से 15 दिनों से मिलिंग का काम बंद था। इस दौरान मिल में काम करने वाले कर्मचारियों का आना-जाना जारी था।
संचालक के मुताबिक, 3 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे जब वे राइस मिल पहुंचे और मशीन चालू कराने का प्रयास किया, तो मशीन चालू नहीं हुई। इसके बाद मिस्त्री से जांच कराई गई। जांच के दौरान पता चला कि मिल की मशीनों से जुड़ा लगभग 300 मीटर इलेक्ट्रिक केबल वायर किसी अज्ञात व्यक्ति ने काटकर चोरी कर लिया है।
तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग
संचालक ने आसपास के क्षेत्रों में केबल वायर की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने 11 अक्टूबर 2026 को थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पिथौरा पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 305(ए) एवं 331(4) के तहत FIR दर्ज की है। चोरी गई संपत्ति का अनुमानित मूल्य 60 हजार रुपये दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी अज्ञात है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Social Plugin