8,720 पदों पर नौकरी का मौका, 30 सितंबर से जिले में लगेंगे रोजगार कैंप
36 कंपनियां और प्लेसमेंट संस्थाएं लेंगी हिस्सा, 7-8 अक्टूबर को रायपुर में होगा राज्य स्तरीय रोजगार मेला
महासमुंद। नौकरी की तलाश कर रहे महासमुंद जिले के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर के बूढ़ातालाब स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में 36 नियोजकों के माध्यम से 8,720 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेले में जिले के अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 30 सितंबर से 6 अक्टूबर तक महासमुंद जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों में मोबिलाइजेशन एवं काउंसलिंग कैंप लगाए जाएंगे। शिविरों में युवाओं को रोजगार मेले में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देने के साथ पंजीयन और काउंसलिंग की सुविधा भी दी जाएगी।
जनपद पंचायतों में इस दिन लगेंगे कैंप
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर को बसना, 1 अक्टूबर को सरायपाली तथा 6 अक्टूबर को पिथौरा और बागबाहरा में मोबिलाइजेशन एवं काउंसलिंग कैंप आयोजित किए जाएंगे। जनपद पंचायतों में शिविर का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा।
इसके अलावा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, महासमुंद में प्रतिदिन पंजीयन और रोजगार संबंधी मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यहां सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अभ्यर्थी पंजीयन करा सकेंगे और रोजगार मेले से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध हैं रिक्तियां
जिला रोजगार अधिकारी के मुताबिक राज्य स्तरीय रोजगार मेले के लिए विभिन्न कंपनियों और प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हुई है। सभी रिक्तियों को ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन प्रदर्शित किया गया है। अभ्यर्थी अपनी योग्यता और रुचि के अनुरूप उपलब्ध पदों की जानकारी लेकर रोजगार मेले के लिए पंजीयन कर सकते हैं।
ऑनलाइन भी करा सकते हैं पंजीयन
राज्य स्तरीय रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीयन भी कर सकते हैं। इसके लिए ई-रोजगार पोर्टल पर निर्धारित लिंक उपलब्ध कराया गया है।
जिला प्रशासन और रोजगार विभाग ने जिले के युवाओं से रोजगार मेले का लाभ उठाने तथा निर्धारित तिथियों पर आयोजित मोबिलाइजेशन एवं काउंसलिंग कैंप में पहुंचकर पंजीयन कराने की अपील की है।

Social Plugin