| एशियन गेम्स में भारत का सोना, कोरबा की संजू देवी ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान |
Latest Chhattisgarh News Asian Games 2026 : एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जापान के आइची-नागोया में हुए फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीता। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के ग्राम केराकछार की रहने वाली संजू देवी (संजू यादव) की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
भारत की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि संजू की उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
गांव से भारतीय टीम तक पहुंचीं संजू
संजू देवी का जन्म 19 दिसंबर 2002 को कोरबा जिले के पाली ब्लॉक के ग्राम केराकछार में हुआ। उनके पिता रामजी यादव ड्राइवर एवं दैनिक मजदूरी का काम करते हैं, जबकि उनकी माता अमरिका बाई गृहिणी हैं।
संजू ने कक्षा पांचवीं से ही गांव के स्कूल में कबड्डी खेलना शुरू किया था। जिला कबड्डी संघ के कोच अनुज प्रताप सिंह ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया। इसके बाद संजू ने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई।
वर्तमान में वह बिलासपुर स्थित बहतराई बालिका आवासीय खेल अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। कबड्डी में उनकी मुख्य भूमिका रेडर की है।
एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन
एशियन गेम्स 2026 के शुरुआती मुकाबलों में संजू देवी ने भारतीय टीम के आक्रमण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बांग्लादेश के खिलाफ भारत की 42-21 की जीत में उनके सफल रेड निर्णायक रहे। वहीं सेमीफाइनल में नेपाल के खिलाफ भारत ने 48-24 से जीत दर्ज की, जिसमें संजू ने प्रभावी रेड के जरिए टीम की जीत में योगदान दिया।
इससे पहले वर्ष 2025 में ढाका, बांग्लादेश में आयोजित महिला कबड्डी वर्ल्ड कप में भी संजू देवी ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था और स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा रही थीं।
मुख्यमंत्री ने कहा- बेटियों के लिए प्रेरणा हैं संजू
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल के बल पर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि कोरबा के छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच तक पहुंचने वाली संजू देवी की सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी स्वर्णिम सफलता के लिए बधाई दी।
संजू देवी की यह उपलब्धि कोरबा और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। गांव के स्कूल से शुरू हुआ उनका कबड्डी का सफर अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक तक पहुंच चुका है।
Social Plugin