राशनकार्ड से जुड़ा काम है तो 28 से 30 सितंबर तक पहुंचें सेवा सेतु कैंप
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में लगेंगे शिविर; ई-केवायसी, आधार-मोबाइल सीडिंग, नए राशनकार्ड और शिकायतों का होगा निराकरण
महासमुंद । राशनकार्ड से जुड़ी समस्या, ई-केवायसी, आधार सीडिंग, मोबाइल नंबर अपडेट या नए राशनकार्ड के लिए आवेदन करना है, तो जिले के नागरिकों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है। सेवा संकल्प अभियान के तहत खाद्य विभाग द्वारा जिले में 28 से 30 सितंबर 2026 तक ‘सेवा सेतु कैंप’ लगाए जाएंगे। शिविरों में खाद्य योजनाओं की जानकारी देने के साथ राशनकार्ड से जुड़ी विभिन्न सेवाएं और शिकायतों के निराकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
विकासखंड स्तरीय शिविर संबंधित जनपद पंचायतों में आयोजित होंगे। संबंधित विकासखंड के खाद्य निरीक्षक को शिविर का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
किस दिन कहां लगेगा कैंप ?
28 सितंबर: विकासखंड महासमुंद एवं बागबाहरा
29 सितंबर: विकासखंड पिथौरा एवं बसना
30 सितंबर: विकासखंड सरायपाली
30 सितंबर: जिला स्तरीय सेवा सेतु कैंप, कार्यालय कलेक्टर परिसर, महासमुंद
जिला स्तरीय शिविर के लिए सहायक खाद्य अधिकारी श्री मनीष यादव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
राशनकार्ड से जुड़ी कई सेवाएं एक ही जगह
सेवा सेतु कैंप में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं राज्य खाद्य योजना से संबंधित योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों और हितग्राहियों को दी जाएगी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, वन नेशन वन राशनकार्ड, राशनकार्ड में पात्रता तथा शिकायत निवारण की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
कैंप में राशनकार्ड में दर्ज सदस्यों की ई-केवायसी, आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर सीडिंग से संबंधित जानकारी एवं आवश्यक सुविधा भी उपलब्ध होगी।
नया राशनकार्ड बनवाने वालों को भी मिलेगा मार्गदर्शन
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं राज्य खाद्य योजना के तहत नए राशनकार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में नागरिकों को मार्गदर्शन दिया जाएगा। इससे पात्र परिवारों को आवेदन प्रक्रिया समझने और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी।
चावल से लेकर गुड़ तक के सैंपल भी रहेंगे प्रदर्शित
शिविर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न एवं अन्य राशन सामग्री के सैंपल भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इनमें चावल, चना, नमक, शक्कर एवं गुड़ शामिल हैं। इसके माध्यम से हितग्राहियों को योजना के तहत मिलने वाली सामग्री और वितरण प्रक्रिया की प्रत्यक्ष जानकारी दी जाएगी।
शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया भी बताई जाएगी
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, वन नेशन वन राशनकार्ड और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए ‘अन्न सहायता’ पोर्टल, विभागीय कॉल सेंटर नंबर 18002333663, सीएम हेल्पलाइन तथा जिला शिकायत निवारण अधिकारी से संपर्क करने की प्रक्रिया की जानकारी भी शिविर में प्रदर्शित की जाएगी।
खाद्य विभाग ने जिले के नागरिकों एवं हितग्राहियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने नजदीकी सेवा सेतु कैंप में पहुंचकर खाद्य योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं।

Social Plugin