Ad Code

Mahasamund : अवैध क्लीनिकों पर होगी सख्त कार्यवाही , जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दास्त नहीं : सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी




अवैध क्लीनिकों पर होगी सख्त कार्यवाही,  जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दास्त नहीं   - सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी

दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा; सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई और उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश

महासमुंद। जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक में जिले में संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पंचायत महासमुंद के सभा कक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने की। बैठक में सांसद ने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के साथ ही जनहित से जुड़े मामलों में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के अध्यक्ष-प्रतिनिधि, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बिना मान्यता वाले क्लीनिकों पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सांसद श्रीमती चौधरी ने विशेष रूप से अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को बिना मान्यता के संचालित क्लीनिकों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई क्लीनिक बिना आवश्यक मान्यता के संचालित पाया जाता है तो नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सांसद ने लंबे समय से स्कूलों से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के मामलों की भी समीक्षा करने को कहा। उन्होंने ऐसे मामलों में विभागीय जांच कर नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

495 सामुदायिक शौचालयों की होगी मॉनिटरिंग
सामुदायिक शौचालयों को लेकर भी सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में मौजूद 495 सामुदायिक शौचालय नियमित रूप से खुले रहें और उनकी साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शौचालयों का वास्तविक उपयोग हो, इसके लिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने इसकी नियमित मॉनिटरिंग के लिए डिजिटल एप तैयार करने के निर्देश दिए।

मनरेगा में अधिक मानव दिवस सृजन पर जोर
सांसद श्रीमती चौधरी ने ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए वीबीरामजी योजना के तहत अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुक्तिधाम एवं पीडीएस भवनों के लिए आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने तथा मजदूरों को 15 दिवस के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारने की जरूरत है।

स्वामित्व योजना में 71 हजार से अधिक पट्टों का वितरण
बैठक में स्वामित्व योजना की प्रगति की भी जानकारी ली गई। जिले में निर्धारित 78 हजार के लक्ष्य के विरुद्ध 76 हजार 821 पट्टे तैयार किए जा चुके हैं, जबकि इनमें से 71 हजार 675 पट्टों का वितरण किया जा चुका है। सांसद ने शेष पात्र हितग्राहियों तक दस्तावेज पहुंचाने के लिए शिविर आयोजित कर बैंक एवं भू-अधिकार पत्रों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पशुपालन और आवारा पशुओं पर भी हुई चर्चा
सांसद ने पशुपालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों को उन्नत नस्ल की गाय एवं बकरी वितरण से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने सड़क मरम्मत का मुद्दा उठाया
महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान स्पॉन्सरशिप योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के लिए पात्र हितग्राहियों का चयन जनप्रतिनिधियों के सहयोग से करने की बात कही।

विधायक ने वर्तमान मौसम को देखते हुए खराब एवं गड्ढों वाली सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बेलसोंडा से साराडीह मार्ग की मरम्मत की आवश्यकता का उल्लेख किया और संबंधित ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही।

बसना विधायक ने क्षेत्रीय समस्याओं से कराया अवगत
बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल ने बैठक में विभिन्न शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने अपने क्षेत्र की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों से भी अधिकारियों को अवगत कराया।

बैठक के दौरान सांसद ने ग्रामीण विकास, पंचायती राज, जल जीवन मिशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन तथा महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।

हितग्राहियों से अतिरिक्त राशि मांगने वालों पर एफआईआर के निर्देश
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने महात्मा गांधी नरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसी भी नागरिक या हितग्राही को अतिरिक्त राशि देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति योजनाओं के नाम पर हितग्राहियों से अतिरिक्त राशि की मांग करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक पहुंचाने तथा लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

Ad code

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement