महासमुंद में सड़क विकास को रफ्तार, 204 करोड़ से अधिक के 6 बड़े प्रोजेक्ट
चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्यों को मिली स्वीकृति; इतने गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी का मिलेगा लाभ
महासमुंद। महासमुंद जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने और आवागमन को सुगम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में जिले के विभिन्न विकासखंडों में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण एवं उन्नयन के छह प्रमुख कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के लिए 204 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इनमें से अधिकांश कार्य प्रगति पर हैं, जबकि बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग के लिए स्वीकृति पत्र जारी किया जा चुका है।
इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से जिला मुख्यालय का विभिन्न विकासखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से संपर्क बेहतर होगा। साथ ही ओडिशा राज्य से अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी। बेहतर सड़कों से विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती नीता रामटेके ने बताया कि जिले में यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने और प्रमुख मार्गों को विकसित करने के लिए विभिन्न सड़क निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा।
महासमुंद-तुमगांव-अछोला मार्ग के चौड़ीकरण पर 27.18 करोड़ रुपये खर्च होंगे
महासमुंद विकासखंड अंतर्गत महासमुंद-तुमगांव-अछोला मार्ग के 9.65 किलोमीटर हिस्से के टू-लेन चौड़ीकरण के लिए 27.18 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। वर्तमान में इस मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
यह मार्ग जिला मुख्यालय को पिथौरा, बसना एवं सरायपाली विकासखंड मुख्यालयों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सड़क चौड़ीकरण पूरा होने से स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों सहित जिला मुख्यालय आने-जाने वाले नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ यात्रा में लगने वाले समय को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
बरोंडा चौक-बम्हनी मार्ग बनेगा फोरलेन, शहर की यातायात व्यवस्था होगी बेहतर
महासमुंद शहर के महत्वपूर्ण बरोंडा चौक-बम्हनी मार्ग के 2.30 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण के लिए 18.29 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इस मार्ग का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
यह सड़क शहर के प्रमुख शासकीय कार्यालयों तक पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण है। इसके चौड़ीकरण से कलेक्ट्रेट, जिला न्यायालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और जिला पंचायत कार्यालय सहित अन्य शासकीय कार्यालयों तक आने-जाने वाले नागरिकों को सुविधा मिलेगी। फोरलेन निर्माण से शहरी यातायात को सुचारु बनाने और सड़क पर आवागमन की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सांकरा-परसवानी मार्ग से 20 गांवों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
बसना विकासखंड में सांकरा-परसवानी मार्ग के 15.80 किलोमीटर हिस्से के निर्माण के लिए 28.47 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। वर्तमान में निर्माण कार्य जारी है।
यह मुख्य जिला मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-53 से जिला मुख्यालय महासमुंद तथा ओडिशा राज्य को जोड़ने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सड़क निर्माण पूरा होने से आसपास के लगभग 20 गांवों के नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में सहूलियत होगी। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग और अंतरराज्यीय संपर्क मार्गों तक पहुंच आसान होगी।
पदमपुर-सरायपाली-सरसीवां मार्ग के उन्नयन से बढ़ेगी व्यापारिक गतिविधियां
सरायपाली विकासखंड अंतर्गत पदमपुर-सरायपाली-सरसीवां मार्ग के 14.60 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं उन्नयन के लिए 24.48 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वर्तमान में इस मार्ग का कार्य प्रगति पर है।
ओडिशा राज्य से संपर्क स्थापित करने वाला यह मार्ग क्षेत्रीय आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। सड़क के उन्नयन से किसानों को कृषि संबंधी गतिविधियों, व्यापारियों को व्यावसायिक कार्यों और विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ लोगों की आवाजाही भी सुगम होगी।
बसना-भंवरपुर-सागरपाली मार्ग से 25 गांवों को होगा फायदा
बसना-भंवरपुर-सागरपाली मार्ग के 17.60 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं उन्नयन के लिए 31.69 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। वर्तमान में निर्माण कार्य प्रगति पर है।
यह महत्वपूर्ण मुख्य जिला मार्ग विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने के साथ लगभग 25 गांवों के नागरिकों के लिए आवागमन का प्रमुख माध्यम बनेगा। सड़क के उन्नयन से ग्रामीणों को दैनिक कार्यों, शिक्षा, कृषि और अन्य जरूरतों के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति देने में मदद मिलेगी।
बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग के लिए 74.15 करोड़ रुपये स्वीकृत
बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग के 25.90 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 74.15 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस कार्य के लिए स्वीकृति पत्र जारी किया जा चुका है।
यह मुख्य जिला मार्ग ओडिशा राज्य से संपर्क स्थापित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सड़क के निर्माण एवं उन्नयन से प्रसिद्ध धार्मिक एवं तीर्थस्थल नरसिंहनाथ तक पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा लगभग 45 गांवों के नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।
मार्ग के मजबूत और बेहतर होने से विद्यार्थियों, किसानों और आम नागरिकों को लाभ मिलेगा। साथ ही अंतरराज्यीय संपर्क को मजबूती मिलने से क्षेत्रीय आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
सड़क अधोसंरचना मजबूत होने से विकास को मिलेगा नया आधार
महासमुंद जिले में स्वीकृत इन छह सड़क परियोजनाओं का उद्देश्य प्रमुख जिला मार्गों को बेहतर बनाना, ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करना और नागरिकों को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है। इन कार्यों के पूरा होने से जिला मुख्यालय, विकासखंडों और ग्रामीण इलाकों के बीच संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सड़कों का चौड़ीकरण एवं उन्नयन किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए उपयोगी साबित होगा। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों एवं ओडिशा राज्य से संपर्क बेहतर होने से क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

Social Plugin