बसना में आधी रात हंगामा! गाड़ी खराब होने पर विवाद, पत्थर मारकर कार के शीशे तोड़ने और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप
बसना। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना में शुक्रवार रात कार खराब होने के बाद विवाद का मामला सामने आया है। फोकट पारा तालाब के पास हुए इस घटनाक्रम में गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, कार में तोड़फोड़ और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में बसना पुलिस ने 17 अक्टूबर 2026 को एफआईआर दर्ज की है।
मिली जानकारी के अनुसार, साई बिहार कॉलोनी निवासी एवं सीएसपीडीसीएल भंवरपुर में कनिष्ठ यंत्री के पद पर पदस्थ शिकायतकर्ता अंकित भोई 16 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे अपने साथी हरीश पटेल के साथ कार क्रमांक CG 06 GU 7992 से जा रहे थे। इसी दौरान फोकट पारा तालाब के पास उनकी कार अचानक खराब हो गई। शिकायतकर्ता अंकित भोई के मुताबिक, वे कार चालू करने का प्रयास कर रहे थे, तभी ओमी ढाभरा अपने एक अन्य साथी के साथ वहां पहुंचे।
‘सड़क पर गाड़ी क्यों खड़ी की?’ कहने पर बढ़ा विवाद
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि कार सड़क पर खड़ी होने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने कार खराब होने की जानकारी दी, लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।
पत्थर से कार के शीशे तोड़ने और धारदार वस्तु से हमला करने का आरोप
शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर कार के आगे और पीछे के शीशों पर पत्थर मारकर उन्हें तोड़ दिया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि ओमी ढाभरा ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और कमर के पीछे लोहे की किसी धारदार वस्तु से हमला किया, जिससे उन्हें चोट लगी और खून बहने लगा। घटना के समय हरीश पटेल के मौजूद रहने की बात भी एफआईआर में दर्ज है। शिकायतकर्ता अंकित भोई ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
BNS की पांच धाराओं में मामला दर्ज
उक्त मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5), 324(4) और 351(3) के तहत बसना थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस की विवेचना जारी है । जांच में घटना की वास्तविक परिस्थितियों और आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।

Social Plugin