मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सीएम हेल्पलाइन के आवेदक से की चर्चा
आधे घंटे में बना 72 वर्षीय गंगाधर नायक का आयुष्मान वय वंदन कार्ड, एम्स रायपुर में करा रहे उपचार
महासमुंद। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 जरूरतमंदों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसका उदाहरण महासमुंद जिले के 72 वर्षीय गंगाधर नायक हैं, जिनका आयुष्मान वय वंदन कार्ड शिकायत दर्ज कराने के महज आधे घंटे के भीतर बन गया। वर्तमान में वे एम्स रायपुर में बेहतर उपचार करा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आवेदक के परिजन से की चर्चा
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय शनिवार को गढ़फुलझर में आयोजित रामचंडी माता दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के आवेदक गंगाधर नायक के भतीजे श्रीराम नायक से चर्चा कर हेल्पलाइन के माध्यम से मिली सहायता की जानकारी ली।
श्रीराम नायक ने बताया कि उनके बड़े पिता गंगाधर नायक का आयुष्मान वय वंदन कार्ड नहीं बन पाया था। इस समस्या को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के एल-1 अधिकारी एवं बीएमओ डॉ. नारायण साहू ने त्वरित कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप महज आधे घंटे में कार्ड बन गया।
जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के हर वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुशासन की सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
हेल्पलाइन बनी आम लोगों का सहारा
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रदेशवासियों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसके जरिए शिकायत दर्ज होने पर संबंधित विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाती है। गंगाधर नायक के परिजनों ने समय पर सहायता मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

Social Plugin