महासमुंद के 6,684 श्रमिकों की चमकी किस्मत, खातों में सीधे पहुंचे करोड़ों रुपये
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने हितग्राहियों को वितरित किए डेमो चेक, श्रमिकों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील
रूपानंद सोई - 94242-43631
महासमुंद, 29 अक्टूबर 2026। श्रमिकों के कल्याण, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित शंकराचार्य भवन में श्रमिक सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले के 6,684 श्रमिकों के बैंक खातों में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 2 करोड़ 98 लाख 53 हजार 41 रुपये की सहायता राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। सम्मेलन में लगभग 1,500 श्रमिक एवं हितग्राही उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भीखम सिंह ठाकुर, नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, जनपद पंचायत महासमुंद की उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चन्द्राकर तथा जिला पंचायत सदस्य श्रीमती लक्ष्मी जांगड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने सम्मेलन में उपस्थित श्रमिकों को बधाई देते हुए कहा कि श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के कल्याण, आर्थिक उत्थान और सामाजिक सुरक्षा के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने श्रमिकों से इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
विधायक श्री सिन्हा ने मेधावी छात्रवृत्ति योजना से लाभान्वित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने परिवार, समाज, जिले तथा देश का नाम रोशन करें। उन्होंने श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने और उनके परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में कल्याणकारी योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया।
छात्रवृत्ति से लेकर सुरक्षा सहायता तक, विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ
श्रमिक सम्मेलन में श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत 154 श्रमिकों को 30 लाख 80 हजार रुपये, मुख्यमंत्री साइकिल सहायता योजना के अंतर्गत 240 श्रमिकों को 8 लाख 88 हजार 864 रुपये तथा मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना के तहत 472 श्रमिकों को 16 लाख 37 हजार 889 रुपये की राशि दी गई।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 5,228 हितग्राहियों को 98 लाख 12 हजार 500 रुपये, मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर कौशल विकास एवं परिवार सशक्तिकरण योजना में 36 श्रमिकों को 5 लाख 19 हजार 288 रुपये तथा मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक सुरक्षा उपकरण सहायता योजना के तहत एक श्रमिक को 1,500 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत 55 श्रमिकों को 3 लाख 91 हजार रुपये, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना में 52 श्रमिकों को 52 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत 362 श्रमिकों को 72 लाख 40 हजार रुपये की राशि अंतरित की गई।
वहीं, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के अंतर्गत 51 श्रमिकों को 10 लाख 20 हजार रुपये तथा निर्माण श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी सहायता योजना के तहत 33 श्रमिकों को 62 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई।
इस प्रकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कुल 6,684 श्रमिकों के बैंक खातों में 2 करोड़ 98 लाख 53 हजार 41 रुपये की राशि सीधे अंतरित की गई। इन योजनाओं से श्रमिकों के साथ-साथ उनके बच्चों की शिक्षा, कौशल विकास और परिवार की आर्थिक सुरक्षा को भी संबल मिला।
हितग्राहियों को डेमो चेक देकर किया सम्मानित
सम्मेलन के दौरान विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित श्रमिकों को प्रतीकात्मक डेमो चेक प्रदान किए गए। इसके साथ ही श्रमिकों के हित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितग्राहियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा।


Social Plugin