गांधी जयंती पर महंगी कीमत में बेचने के लिए जुटाई थी शराब, पुलिस ने किया भंडाफोड़
तेन्दूकोना में 245 पौवा देशी शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार; मोटरसाइकिल भी जब्त
तेन्दूकोना। गांधी जयंती के अवसर पर शराब दुकान बंद रहने का फायदा उठाकर अवैध रूप से शराब बेचने की तैयारी का पुलिस ने खुलासा किया है। तेन्दूकोना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 245 पौवा सुपर 36 प्लेन देशी शराब जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक शासकीय शराब दुकान के सेल्समैन की तलाश जारी बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की शाम टाउन पेट्रोलिंग के दौरान तेन्दूकोना बस स्टैंड के पास मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल की डिक्की में शराब रखकर बिक्री के लिए ले जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली डिक्की से 20 पौवा सुपर 36 प्लेन देशी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक मोटरसाइकिल चालक ढालन साहू ने बताया कि वह शराब सुमीत अग्रवाल के कहने पर लेकर जा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने सुमीत अग्रवाल के घर की तलाशी ली। घर की दीवार के किनारे घास-फूस वाले स्थान पर रखी 9 प्लास्टिक बोरियों से 225 पौवा शराब बरामद हुई। प्रत्येक बोरी में 25-25 पौवा शराब रखी थी। उक्त शराब को गांधी जयंती के दिन शराब दुकान बंद रहने के दौरान अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से घर में जमा किया गया था।
पुलिस ने दोनों स्थानों से कुल 245 पौवा यानी 44,100 एमएल देशी शराब जब्त की। जब्त शराब की कीमत करीब 19,600 रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। कुल जब्ती की कीमत 39,600 रुपये आंकी गई है।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश
मामले में पुलिस ने सुमीत अग्रवाल और ढालन साहू को गिरफ्तार किया है। FIR में शासकीय शराब दुकान के सेल्समैन सुनील बंजारे की भूमिका का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस के अनुसार, वह फिलहाल अपने निवास पर नहीं मिला, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी शेष है।
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 42 और बीएनएस की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Social Plugin