बिरकोनी में सार्वजनिक जमीन पर फेंसिंग को लेकर विवाद, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR
रूपानंद सोई - 94242-43631
महासमुंद/बिरकोनी। ग्राम बिरकोनी में सार्वजनिक जमीन पर फेंसिंग तार लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर महासमुंद थाने में अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। दोनों प्रकरणों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस में दर्ज पहली रिपोर्ट के अनुसार, 2 अक्टूबर की शाम ग्राम बिरकोनी में लोकेश मेडिकल के पास जमीन पर फेंसिंग तार लगाया जा रहा था। शिकायतकर्ता सीताराम निषाद के अनुसार, सार्वजनिक भूमि पर फेंसिंग लगाने का विरोध किए जाने पर विवाद हुआ। आरोप है कि लोकेश अग्रवाल ने सरपंच चंदन चंद्राकर के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे सीताराम निषाद के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। इस मामले में लोकेश अग्रवाल और ममता अग्रवाल को आरोपी बनाया गया है।
वहीं दूसरी FIR लोकेश अग्रवाल की शिकायत पर दर्ज हुई है। इसमें उन्होंने बताया कि वे अपने मेडिकल स्टोर से लगी जमीन पर मजदूरों से फेंसिंग तार लगवा रहे थे। इसी दौरान जमीन को लेकर विवाद शुरू हुआ। शिकायत के मुताबिक, पूर्व सरपंच ताम्रध्वज निषाद और वर्तमान सरपंच चंदन चंद्राकर समेत अन्य लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद विवाद बढ़ गया। लोकेश अग्रवाल ने चंदन चंद्राकर पर गाली-गलौज तथा ताम्रध्वज निषाद पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपनी मां ममता अग्रवाल के साथ भी धक्का-मुक्की किए जाने की बात कही है। इस मामले में ताम्रध्वज निषाद और चंदन चंद्राकर को आरोपी बनाया गया है।
घटना के दौरान विवाद बढ़ने पर पंचायत द्वारा मौके पर लगाई जा रही फेंसिंग को जेसीबी से हटाए जाने की बात दोनों रिपोर्टों में सामने आई है। दोनों पक्षों ने अपने-अपने पक्ष में चोट लगने की शिकायत की है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Social Plugin