बया क्षेत्र के सरकारी स्कूल में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने का आरोप, ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी
बलौदा बाजार-भाटापारा : जिले के अंतिम छोर पर स्थित कसडोल ब्लॉक के बया क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में शिक्षण व्यवस्था लंबे समय से प्रभावित होने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में पदस्थ एक शिक्षिका कई-कई महीनों तक अनुपस्थित रहती हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि शिक्षिका के खिलाफ शिकायत करने वाले ग्रामीणों के विरुद्ध छेड़खानी की झूठी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस उन्हें थाने बुलाकर दबाव बनाती है और बाद में मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर भी मामले में उदासीनता बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या के कारण बच्चों के भविष्य पर असर पड़ रहा है और लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित शिक्षिका को स्कूल से नहीं हटाया गया और शिक्षण व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करेंगे। फिलहाल ग्रामीण आंदोलन की तैयारी में जुटे हुए हैं।
Social Plugin