Ad Code

श्याम ज्वेलर्स का संचालक विक्की अग्रवाल गिरफ्तार, 2024 में ही jholturam.com ने किया था इस पूरे मामले का पहला खुलासा, अब पुलिस कार्रवाई से सच आने लगा सामने! पुराने शिकायतकर्ताओं में जगी न्याय की उम्मीद





सोना हड़पने वाले ज्वेलर्स पर पुलिस का बड़ा शिकंजा! श्याम ज्वेलर्स का संचालक विक्की अग्रवाल गिरफ्तार, 15 ग्राम गला हुआ सोना बरामद; पुराने शिकायतकर्ताओं में जगी न्याय की उम्मीद

2024 में ही jholturam.com ने किया था इस पूरे मामले का पहला खुलासा, अब पुलिस कार्रवाई से सच आने लगा सामने!

रूपानंद  सोई - 94242-43631 

महासमुंद। ग्रामीणों की खून-पसीने की कमाई और मुसीबत के वक्त गिरवी रखे सोने के जेवरात पर कथित तौर पर कुंडली मारकर बैठने वाले श्याम ज्वेलर्स सांकरा के संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल पर आखिरकार पुलिस का शिकंजा कस गया है। सांकरा पुलिस ने 13 नवंबर को बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 15 ग्राम गला हुआ सोना, गिरवी लेन-देन के 20 रजिस्टर, 7 कॉपियां, 2 गिरवी रसीद बुक, एक सैमसंग S22 अल्ट्रा मोबाइल और साहूकारी लाइसेंस बरामद किया है।

इस कार्रवाई के बाद सांकरा सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मचा हुआ है। सबसे बड़ी बात यह है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की खबर फैलते ही ऐसे कई ग्रामीण सामने आने लगे हैं, जिनके सोने के जेवरात भी श्याम ज्वेलर्स में गिरवी रखने के बाद वापस नहीं मिलने की शिकायत है। शुक्रवार को दिनभर कई ग्रामीण सांकरा थाने के चक्कर काटते नजर आए। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी शिकायतें सामने आ सकती हैं।


2024 में भी उठी थी शिकायतों की आवाज, अब जाकर हुई कार्रवाई!
इस पूरे मामले का एक अहम पहलू यह भी है कि श्याम ज्वेलर्स में गिरवी रखे सोने के जेवरात वापस नहीं मिलने को लेकर वर्ष 2024 में भी कई लोगों द्वारा पुलिस अधीक्षक महासमुंद के समक्ष शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उस समय उनकी शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्र में यह चर्चा भी रही कि राजनीतिक रसूख और स्थानीय स्तर पर कथित संरक्षण के चलते मामला दबा रहा।

हालांकि, इन पुराने आरोपों और शिकायतों की स्वतंत्र पुष्टि तथा उस समय कार्रवाई नहीं होने के कारणों की जांच होना जरूरी है। अब महासमुंद में पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के आने के बाद आरोपी विक्की अग्रवाल के खिलाफ हुई कार्रवाई से पुराने शिकायतकर्ताओं में भी न्याय की उम्मीद जगी है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में लंबे समय से उठ रहे सवालों के बीच एक बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

2 लाख 10 हजार के जेवर गिरवी रखे, छुड़ाने पहुंचे तो मिला इनकार!
पुलिस के मुताबिक, इस मामले की शुरुआत ग्राम श्रीरामपुर निवासी शनिलाल चौहान की शिकायत से हुई। शनिलाल ने घरेलू जरूरत के लिए अपनी पत्नी सावित्री चौहान के करीब 15 ग्राम वजनी सोने का माला और कान का टॉप्स, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है, श्याम ज्वेलर्स सांकरा में 2 प्रतिशत मासिक ब्याज पर गिरवी रखा था।

पीड़ित का आरोप है कि गिरवी रखते समय रसीद मांगने पर दुकान संचालकों ने रसीद की जरूरत नहीं होने की बात कहकर कोई पावती नहीं दी। इसके बाद उसने फोन-पे के माध्यम से ब्याज की रकम भी चुकाई। लेकिन 24 जून 2026 को जब वह गवाहों के साथ मूलधन और ब्याज की पूरी रकम लेकर अपने जेवर छुड़ाने पहुंचा, तो उसे कथित तौर पर यह कहकर लौटा दिया गया कि समय अधिक हो जाने के कारण उसका सोना डूब चुका है। न तो उसकी रकम स्वीकार की गई और न ही सोने के जेवर वापस किए गए।

मेमोरण्डम में खुला कथित गिरवी कारोबार का राज!
पुलिस की पूछताछ और आरोपी के मेमोरण्डम कथन के अनुसार, आरोपी वर्ष 2021 में तहसीलदार बसना से प्राप्त साहूकारी लाइसेंस के आधार पर ग्रामीणों के सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखता था। पुलिस के मुताबिक, गिरवी लेन-देन का हिसाब रजिस्टर में दर्ज किया जाता था, लेकिन ग्राहकों को पावती रसीद नहीं दी जाती थी।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की छपी हुई गिरवी रसीद बुक में तय समय तक ब्याज और मूलधन नहीं चुकाने पर जेवर बेचने का अधिकार देने वाली शर्त पहले से छपी रहती थी। आरोप है कि गिरवी रखने वाले लोगों से इस पर हस्ताक्षर करा लिए जाते थे और बाद में मनमाने तरीके से अंतिम तारीख दर्ज की जाती थी।

पुलिस के अनुसार, शनिलाल चौहान के गिरवी रखे जेवरों को उसकी जानकारी के बिना गलाकर अपने पास रख लिया गया था। आरोपी की निशानदेही पर करीब 15 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया गया है। अब पुलिस बरामद रजिस्टर और कॉपियों के आधार पर अन्य ग्राहकों के गिरवी लेन-देन की भी जांच कर सकती है।

20 रजिस्टर और 7 कॉपियां खोल सकती हैं कई राज!
इस कार्रवाई में बरामद 20 रजिस्टर और 7 कॉपियां इस मामले की जांच में महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं। इनमें दर्ज लेन-देन के विवरण से यह पता चल सकता है कि कितने लोगों ने अपने जेवर गिरवी रखे थे, कितने लोगों का सोना वापस नहीं हुआ और किन परिस्थितियों में जेवरों का निपटारा किया गया।

ऐसे में अब सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या यह मामला केवल एक पीड़ित तक सीमित है या फिर इसके पीछे ग्रामीणों से जुड़े गिरवी कारोबार का कोई बड़ा नेटवर्क सामने आएगा? पुराने शिकायतकर्ताओं और अब थाने पहुंच रहे ग्रामीणों की शिकायतें इस मामले को और गंभीर बना सकती हैं।

सांकरा के बाजार में दिनभर रही चर्चा, अब खुल सकती हैं कई शिकायतें!
विक्की अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद सांकरा के बाजार में दिनभर इसी मामले की चर्चा होती रही। जिन ग्रामीणों के जेवर गिरवी रखने के बाद वापस नहीं मिले हैं, उनमें अब अपनी शिकायत लेकर पुलिस तक पहुंचने की उम्मीद जगी है। क्षेत्र में चर्चा है कि आने वाले दो-चार दिनों में इस मामले से जुड़े और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं।

BNS की धारा 316(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज
महासमुंद पुलिस ने आरोपी राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल के खिलाफ थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 190/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को 13 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी: राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल, पिता स्व. श्यामसुंदर अग्रवाल, उम्र 36 वर्ष, निवासी त्रिलोक नगर सांकरा, संचालक श्याम ज्वेलर्स, राजेन्द्र नायक कॉम्प्लेक्स, सांकरा।

बरामद सामग्री:
गिरवी एवं ब्याज लेन-देन के 20 रजिस्टर।
हिसाब-किताब की 7 कॉपियां।
श्याम ज्वेलर्स की 2 गिरवी रसीद बुक।
करीब 15 ग्राम गला हुआ सोना।
1 सैमसंग S22 अल्ट्रा मोबाइल।
तहसीलदार बसना द्वारा जारी 1 साहूकारी लाइसेंस।

अब सबसे बड़ा सवाल: क्या श्याम ज्वेलर्स में गिरवी रखे सोने के जेवरात वापस नहीं मिलने का मामला सिर्फ शनिलाल चौहान तक सीमित है, या फिर कई और ग्रामीण भी इसी तरह अपने सोने से हाथ धो बैठे हैं? पुलिस की जांच और बरामद दस्तावेजों से आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

2024 में ही jholturam.com ने किया था इस पूरे मामले का पहला खुलासा, अब पुलिस कार्रवाई से सच आने लगा सामने!
श्याम ज्वेलर्स में गिरवी रखे सोने के जेवरात वापस नहीं मिलने और ग्रामीणों के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला आज अचानक सामने नहीं आया है। इस पूरे मामले का खुलासा सबसे पहले वर्ष 2024 में jholturam.com द्वारा किया गया था। उस समय ही पोर्टल ने इस मामले को प्रमुखता से उठाते हुए ग्रामीणों की शिकायतों और गिरवी रखे सोने के जेवरात वापस नहीं मिलने का मुद्दा सामने लाया था। इसके बावजूद लंबे समय तक मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने की शिकायतें उठती रहीं।

अब करीब दो साल बाद महासमुंद पुलिस द्वारा श्याम ज्वेलर्स के संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल की गिरफ्तारी और करीब 15 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किए जाने के बाद वर्ष 2024 में jholturam.com द्वारा उठाए गए इस मुद्दे की गंभीरता एक बार फिर चर्चा में है। इस कार्रवाई से उन पुराने शिकायतकर्ताओं में भी उम्मीद जगी है, जो लंबे समय से अपने सोने के जेवरात वापस मिलने और न्याय की आस लगाए बैठे थे।

jholturam.com ने वर्ष 2024 में ही जिस मामले को उजागर किया था, वह अब पुलिस कार्रवाई के बाद एक बड़े खुलासे की दिशा में बढ़ता दिखाई दे रहा है। अब देखना होगा कि बरामद 20 रजिस्टर और 7 कॉपियों की जांच में कितने और पीड़ितों के नाम सामने आते हैं।

Ad code

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement