Ad Code

धान की फसल बनी खूनी जंग की वजह! दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, बुजुर्ग समेत कई घायल, सांकरा थाना में FIR दर्ज



धान की फसल बनी खूनी जंग की वजह!  दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, बुजुर्ग समेत कई घायल,  सांकरा थाना में FIR दर्ज

खेत में काटी गई धान की फसल को लेकर भिड़े दो गांवों के लोग, डंडे और मुक्कों से हमला करने के आरोप; सांकरा थाने में FIR क्रमांक 196 और 197 दर्ज

महासमुंद। जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में खेत की धान फसल काटने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। जमीन पर कब्जे और धान की फसल को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, डंडे और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। मामले में सांकरा पुलिस ने 12 नवंबर 2026 को अलग-अलग दो एफआईआर दर्ज की हैं।

पहले पक्ष का आरोप: खेत से धान काटकर ले गए तीन लोग
पहले मामले में ग्राम शंकरपुर निवासी अभिषेक नाग ने पुलिस को बताया कि उनके दादा शांतिकुमार नाग के नाम पर भालुडोंगर शंकरपुर स्थित पैतृक खेत में हर साल की तरह धान की फसल बोई गई थी। 11 नवंबर की शाम गांव के राजकुमार सेठ ने घर आकर जानकारी दी कि बनडबरीडीपा निवासी घासीराम सतनामी, गणेशराम सतनामी और खगेश्वर सतनामी खेत की धान फसल काटकर अपने घर ले गए हैं।

इसके बाद अभिषेक अपने पिता सूरज नाग, मां माधुरी नाग, दादी बुधियारीन नाग और दादा शांतिकुमार नाग के साथ मौके पर पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, धान की फसल काटकर ले जाने के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्कों तथा डंडे से मारपीट की।

इस घटना में अभिषेक के सिर, उनकी मां माधुरी नाग के पीठ और सीने तथा दादी बुधियारीन नाग के सिर में चोट आने की बात शिकायत में कही गई है। पीड़ित पक्ष ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

दूसरे पक्ष का आरोप: घर के सामने आकर दी गालियां, फिर डंडे से हमला
इसी घटना को लेकर दूसरे पक्ष से डमरू खुंटे ने भी सांकरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ग्राम बनडबरी निवासी डमरू ने बताया कि 11 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे वह अपने बड़े भाई खोगराय खुंटे के घर के सामने बैठा था। इसी दौरान शंकरपुर बस्ती के अभिषेक नाग और अन्य दो लोग वहां पहुंचे।

शिकायत के अनुसार, वे लोग खसरा नंबर 449, रकबा 3.1800 हेक्टेयर जमीन के खेत से धान की फसल काटकर ले जाने की बात कहते हुए खोगराय खुंटे को गाली देने लगे। इसी दौरान खोगराय ने खेत की फसल अपने कब्जे वाली जमीन की बताते हुए धान काटकर लाने की बात कही। आरोप है कि इस पर अभिषेक नाग ने डंडे से खोगराय के साथ मारपीट कर दी।

बीच-बचाव करने पहुंचे डमरू खुंटे और बष्टम खुंटे के साथ भी अभिषेक और उसके साथ आए दो अन्य लोगों द्वारा हाथ-मुक्कों एवं डंडे से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

मारपीट में कई लोगों को चोट, अस्पताल में भर्ती
दूसरे पक्ष की शिकायत के अनुसार, मारपीट में खोगराय खुंटे के सिर और बाएं हाथ के अंगूठे में चोट आई। डमरू खुंटे के बाएं हाथ की कलाई और उंगलियों, होंठ, पीठ तथा बाईं आंख के नीचे चोट लगी। वहीं बष्टम खुंटे के सिर में भी चोट आई।

घटना के बाद परिजनों ने 108 एंबुलेंस बुलाकर घायलों को बसना सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने खोगराय खुंटे को रेफर किया, जिसके बाद उन्हें सरायपाली के निजी ओम अस्पताल में भर्ती कराया गया। डमरू खुंटे ने भी अपने हाथ का निजी अस्पताल में उपचार कराने की बात रिपोर्ट में कही है, जबकि बष्टम खुंटे को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत, सांकरा पुलिस ने की FIR
दोनों पक्षों की शिकायत पर सांकरा पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। पहले मामले में एफआईआर क्रमांक 0196 और दूसरे मामले में एफआईआर क्रमांक 0197 दर्ज की गई है।

दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों ने घटना के दौरान मौजूद लोगों को गवाह बताया है।

फिलहाल धान की फसल और जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

Ad code

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement