महासमुंद में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन! घर की बाड़ी में छिपाकर रखी थी 39 पौवा देशी शराब, 50 वर्षीय राजेश अग्रवाल गिरफ्तार
पिथौरा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पिथौरा पुलिस ने ग्राम सरगतोरा में दबिश देकर एक व्यक्ति के घर की बाड़ी से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से 39 पौवा सुपर 36 मसाला देशी शराब जब्त कर आरोपी राजेश अग्रवाल (50 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक दिलीप ठाकुर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सरगतोरा निवासी राजेश अग्रवाल अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से बिक्री के लिए शराब छिपाकर रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और हमराह स्टाफ तथा गवाहों के साथ शासकीय वाहन से मौके के लिए रवाना हुई।
बोरी खोलते ही निकली देशी शराब की खेप
पुलिस टीम ने ग्राम सरगतोरा पहुंचकर आरोपी के घर की बाड़ी में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। तलाशी के दौरान एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी बरामद हुई। जब बोरी की तलाशी ली गई तो उसके अंदर सुपर 36 मसाला देशी शराब के 39 पौवा मिले। प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब भरी हुई थी। इस तरह कुल 7,200 एमएल यानी 7.2 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 3,900 रुपये बताई गई है।
शराब के वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजेश अग्रवाल से बरामद शराब रखने और बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों के समक्ष शराब जब्त कर सीलबंद किया और पंचनामा तैयार किया।
आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी राजेश अग्रवाल पिता महावीर अग्रवाल, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम सरगतोरा, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान घटनास्थल का नक्शा तैयार किया गया तथा गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक, संपूर्ण कार्रवाई की ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियोग्राफी भी की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना होगा कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने पुलिस आगे और क्या कार्रवाई करती है।

Social Plugin