Ad Code

शादी में खाना खाने की बात पर बवाल ! लाठी-डंडों से हमला; बसना थाना में अपराध दर्ज

 


शादी में खाना खाने की बात पर बवाल! घर पहुंचकर पिता-पुत्र ने दी जान से मारने की धमकी, लाठी-डंडों से हमला; युवक का अंगूठा फ्रैक्चर

महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी भंवरपुर के ग्राम पड़कीपाली में शादी समारोह में खाना खाने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद के दौरान दो लोगों ने घर पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में अजय खड़िया का दाहिने हाथ का अंगूठा फ्रैक्चर हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी भोज कुमारी के बाएं हाथ में भी चोट आई है।

शादी समारोह की बात पर घर तक पहुंचा विवाद
प्राप्त शिकायत के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को ग्राम पड़कीपाली निवासी रोहित खड़िया के घर शादी का कार्यक्रम था। इसी दौरान खाना खाने की बात को लेकर अजय खड़िया और उसके परिजनों के बीच घरेलू विवाद हो रहा था। आरोप है कि इसी बीच गांव के धरम सिंह और उसका बेटा लेन्द्रा वहां पहुंच गए। उन्होंने विवाद को लेकर कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी।

मना करने पर जान से मारने की धमकी और मारपीट
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गाली-गलौज करने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों व लाठी-डंडों से मारपीट की। हमले में अजय खड़िया के दाहिने हाथ के अंगूठे और माथे में चोट आई। वहीं, पति को बचाने पहुंची पत्नी भोज कुमारी भी मारपीट की चपेट में आ गई और उसके बाएं हाथ में चोट लगी।

दो ग्रामीणों को बताया गया प्रत्यक्षदर्शी
शिकायत में मुड़परीन पति राधे चौहान और सुफल यादव को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है। पीड़ित ने चौकी भंवरपुर में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

जांच के बाद BNS की गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज
पुलिस विवरण के मुताबिक, शिकायतकर्ता द्वारा 2 नवंबर 2026 को आवेदन प्रस्तुत किया गया था। जांच के दौरान घायल का चिकित्सकीय मुलाहिजा एवं क्यूरी रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद प्रथम दृष्टया मारपीट, धमकी और चोट से संबंधित अपराध पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 118(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

10 नवंबर को थाना बसना भेजी गई नालसी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे लिखित सूचना प्राप्त हुई। चौकी भंवरपुर से असल नंबरी अपराध कायम करने के लिए देहाती नालसी थाना बसना भेजी गई।
फिलहाल मामले में पुलिस द्वारा विवेचना जारी है।

Ad code

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement