Ad Code

महासमुंद में सूदखोरी का बड़ा खेल बेनकाब! आलीशान फ्लैट से 160 ब्लैंक चेक, 48 स्टांप और जमीन के दस्तावेज बरामद, आरोपी गिरफ्तार

 



महासमुंद में सूदखोरी का बड़ा खेल बेनकाब! रायपुर के आलीशान फ्लैट से 160 ब्लैंक चेक, 48 स्टांप और जमीन के दस्तावेज बरामद, आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ में अवैध सूदखोरी और गरीबों को कर्ज के जाल में फंसाकर कथित तौर पर भयादोहन करने का बड़ा मामला सामने आया है। महासमुंद जिले की बसना पुलिस ने रायपुर के मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा में दबिश देकर एक ऐसे कथित सूदखोर को गिरफ्तार किया है, जिसके घर की तलाशी में 160 हस्ताक्षरित खाली चेक, 48 ब्लैंक स्टांप, 27 एटीएम-डेबिट-क्रेडिट कार्ड और जमीन से जुड़े 9 दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई ने कथित अवैध सूदखोरी के बड़े नेटवर्क की आशंका को जन्म दिया है।

42 हजार रुपये का कर्ज, वसूली 65 हजार से ज्यादा!
पुलिस के मुताबिक, मामले की शुरुआत बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बंसुलाडीपा निवासी विनोद चौहान की शिकायत से हुई। पीड़ित ने अपनी गाड़ी बनवाने के लिए आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा से 42 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि कर्ज देते समय आरोपी ने औपचारिकता के नाम पर विनोद और उसके छोटे भाई के हस्ताक्षर वाले खाली चेक, बैंक पासबुक और आधार कार्ड की प्रतियां अपने पास रखवा लीं।

इसके बाद कथित तौर पर फोन-पे के जरिए आठ महीने में 40 हजार रुपये और घर के बर्तन तथा सोना-चांदी बिकवाकर 25 हजार रुपये नकद वसूल किए गए। यानी 42 हजार रुपये के मूल कर्ज के बदले 65 हजार रुपये से अधिक की रकम वसूले जाने का आरोप है।

कर्ज चुकाने के बाद भी नहीं लौटाए चेक, दी जान से मारने की धमकी!
पीड़ित का आरोप है कि पूरी रकम चुकाने के बावजूद आरोपी ने उसके हस्ताक्षरित खाली चेक वापस नहीं किए। इतना ही नहीं, घर पहुंचकर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चेक में मनमानी रकम भरकर अलग-अलग न्यायालयों में मामले दर्ज कराने की धमकी देकर पीड़ित को डराता था।

रायपुर के फ्लैट में पुलिस की दबिश, खुली दस्तावेजों की गठरी
मामले की गंभीरता को देखते हुए 13 नवंबर 2026 को बसना पुलिस की टीम ने रायपुर के मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा के फ्लैट नंबर A-302 में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी संख्या में हस्ताक्षरित खाली चेक, ब्लैंक स्टांप, ऋण पुस्तिकाएं, जमीन के कागजात, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड मिले।

पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद?
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से बरामद सामग्री का विवरण इस प्रकार है—
160 हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक
48 हस्ताक्षरित ब्लैंक स्टांप
09 ऋण पुस्तिकाएं एवं जमीन के दस्तावेज
27 एटीएम, डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड
24 बैंक पासबुक
ब्याज के लेन-देन का हिसाब रखने वाली 02 डायरियां
02 नोट कॉपियां
1 लाख 20 हजार रुपये नकद
मोबाइल फोन एवं नकदी जमा बैंक पर्चियां
कई अन्य लोगों से जुड़े दस्तावेज मिलने से बढ़ी जांच की गंभीरता

पुलिस की तलाशी में केवल शिकायतकर्ता ही नहीं, बल्कि विभिन्न व्यक्तियों के नाम से जुड़े हस्ताक्षरित चेक, बैंक दस्तावेज और जमीन के कागजात भी मिले हैं। ऐसे में पुलिस इन दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच कर रही है। बरामद सामग्री से अन्य संभावित पीड़ितों और लेन-देन के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है।

आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी
पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा (53 वर्ष), निवासी डॉल्फिन प्लाजा, मोवा, रायपुर को 13 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध थाना बसना में अपराध क्रमांक 636/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 296, 351(2) तथा छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम, 1937 की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

अब पुलिस की नजर दस्तावेजों और बैंक खातों पर
महासमुंद पुलिस द्वारा बरामद चेक, पासबुक, जमीन के दस्तावेजों और डायरियों की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से अवैध सूदखोरी के कथित कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पीड़ितों के सामने आने की संभावना है। पुलिस का कहना है कि गरीब और असहाय नागरिकों का शोषण करने तथा अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Ad code

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement