प्रेम विवाह के 9 साल बाद महासमुंद में खूनी संघर्ष! दामाद पर जानलेवा हमला, लोहे की पाइप से पीटा, हालत नाजुक
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। युवक की मां ने अपनी शिकायत में बेटे के ससुराल पक्ष के पांच लोगों सहित अन्य पर लात-घूंसे और लोहे की पाइप से बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। हमले में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। उसे पहले महासमुंद के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया। फिलहाल युवक रामकृष्ण अस्पताल में वेंटिलेटर पर उपचाराधीन बताया गया है।
मकान अपने नाम कराने को लेकर चल रहा था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, युवक दीपक ठाकुर महासमुंद के रमन टोला में रहता है। उसने करीब 9 साल पहले महासमुंद के नयापारा निवासी सपना सेन से प्रेम विवाह किया था। दोनों का तीन साल का एक बच्चा भी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, मकान अपने नाम कराने की बात को लेकर दीपक और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी विवाद के चलते 11 नवंबर 2026 को सपना अपने मायके नयापारा चली गई थी।
रात 10 बजे मां को मिली बेटे की पिटाई की सूचना
दीपक की मां करीब 8 वर्षों से वाराणसी के बिरला वृद्धा विधवा आश्रम में रह रही हैं। शिकायत के मुताबिक, 11 नवंबर की रात करीब 10 बजे दीपक के साथ रहने वाले सतीश यादव उर्फ मैगी का फोन आया। उसने बताया कि दीपक के ससुराल पक्ष के दूजराम सेन, लक्ष्मण सेन, मनीष सेन, कुमकुम सेन और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की है। आरोप है कि हमलावरों ने हाथ-मुक्कों, लात और लोहे की पाइप से हमला किया, जिससे दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिला अस्पताल से रायपुर तक कराया गया इलाज
सूचना मिलने के बाद सतीश यादव और दीपक के दोस्त उसे डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल महासमुंद लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया। इसके बाद घायल को आरएलसी अस्पताल महासमुंद ले जाया गया। वहां से भी डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
बेटे की गंभीर हालत की जानकारी मिलने पर मां रात करीब 12 बजे निजी वाहन से रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल पहुंचीं। शिकायत में उन्होंने बताया कि वहां उनका बेटा बेहोशी की हालत में वेंटिलेटर पर था और उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटों के कारण पट्टियां बंधी हुई थीं।
मां ने लगाया जान से मारने की नीयत से हमले का आरोप
पीड़ित की मां ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि दूजराम सेन, लक्ष्मण सेन, मनीष सेन, कुमकुम सेन और अन्य लोगों ने उनके बेटे पर जान से मारने की नीयत से प्राणघातक हमला किया। उन्होंने बेटे की गंभीर हालत को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में सूरज नायक, सतीश यादव उर्फ मैगी, नियाज खान और निशा सोनवानी को घटना के संबंध में जानकारी रखने वाले गवाहों के रूप में उल्लेखित किया गया है।
मां ने बताया कि बेटे के इलाज की व्यवस्था करने के बाद 12 नवंबर 2026 को महासमुंद पहुंचकर उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और आरोपियों के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Social Plugin