Ad Code

श्याम ज्वेलर्स का एक और बड़ा खुलासा! तीन ग्रामीणों का 65.630 ग्राम सोना हड़पने का आरोप, 2024 से न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित; सांकरा पुलिस की भूमिका पर भी उठे सवाल

पीड़ित किशनलाल प्रधान, जगबंधु पटेल, हेमसागर पटेल 


श्याम ज्वेलर्स का एक और बड़ा खुलासा! तीन ग्रामीणों का 65.630 ग्राम सोना हड़पने का आरोप, 2024 से न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित; सांकरा पुलिस की भूमिका पर भी उठे सवाल

रूपानंद सोई 94242-43631 

महासमुंद/सांकरा। श्याम ज्वेलर्स सांकरा के संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद अब गिरवी रखे सोने के जेवरात वापस नहीं मिलने के मामले में एक के बाद एक पीड़ित सामने आने लगे हैं। अब ग्राम धरमपुर और ग्राम राजाकटेल के तीन ग्रामीणों ने करीब 65.630 ग्राम सोना हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ितों का दावा है कि जब वे अपना गिरवी रखा सोना वापस लेने श्याम ज्वेलर्स पहुंचे तो संचालक राकेश अग्रवाल और अजय अग्रवाल ने साफ कह दिया कि उनका सोना डूब चुका है, उसे गला दिया गया है और अब वापस नहीं मिलेगा।

हैरानी की बात यह है कि इन पीड़ितों में एक व्यक्ति ऐसा भी है, जिसने करीब दो साल पहले यानी 7 दिसंबर 2024 को ही पुलिस अधीक्षक महासमुंद के समक्ष लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई थी। लेकिन पीड़ित का आरोप है कि बार-बार पुलिस के चक्कर काटने के बावजूद उसे आज तक न्याय नहीं मिला। अब श्याम ज्वेलर्स संचालक की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद इन तीनों पीड़ितों ने 15 नवंबर 2026 को फिर से एसपी महासमुंद और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है।
जगबंधु पटेल का सोना गिरवी रखते समय का वजन 

तीन ग्रामीणों का 65.630 ग्राम सोना कहां गया?
पीड़ितों के अनुसार उनके गिरवी रखे सोने का विवरण इस प्रकार है—
जगबंधु पटेल, निवासी ग्राम धरमपुर: 29.730 ग्राम सोने का हार
किशनलाल प्रधान, निवासी ग्राम धरमपुर: 30 ग्राम सोना
हेमसागर पटेल, निवासी ग्राम राजाकटेल: 5.900 ग्राम सोना

तीनों ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने अपनी जरूरत के समय श्याम ज्वेलर्स सांकरा में सोना गिरवी रखा था। जब वे अपना सोना वापस लेने पहुंचे तो उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि उनका सोना डूब चुका है और उसे गलाकर खत्म कर दिया गया है। अब तीनों पीड़ित अपने गिरवी रखे सोने अथवा उसकी वर्तमान कीमत के बराबर राशि वापस पाने के लिए पुलिस अधिकारियों के दरवाजे खटखटा रहे हैं।

2024 से न्याय के लिए भटक रहा हेमसागर, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप!
इस पूरे मामले में सबसे गंभीर आरोप ग्राम राजाकटेल निवासी हेमसागर पटेल ने लगाए हैं। हेमसागर का कहना है कि उसने 7 दिसंबर 2024 को ही पुलिस अधीक्षक महासमुंद के समक्ष लिखित शिकायत देकर श्याम ज्वेलर्स के संचालक राकेश अग्रवाल और अजय अग्रवाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

हेमसागर के मुताबिक, जब वह अपना 5.900 ग्राम सोना वापस लेने पहुंचा तो उसे बताया गया कि उसका सोना डूब चुका है । इसके बाद जब उसने पुलिस में शिकायत की तो आरोप है कि राकेश अग्रवाल ने शिकायत वापस लेने के लिए उसे जान से मारने की धमकी दी। इस धमकी से भयभीत होकर वह पीछे हट गया।

हेमसागर का कहना है कि वह वर्ष 2024 से लगातार पुलिस के सामने अपनी फरियाद रखता रहा है। कई बार सांकरा थाना पहुंचकर शिकायत की, लेकिन आज तक उसे न तो उसका सोना मिला और न ही न्याय। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे उम्मीद है कि पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के हस्तक्षेप से उसे न्याय मिल सकेगा।
जगबंधु पटेल का गिरवी रखा गया सोने का हार 

जगबंधु पटेल की शिकायत वापस कराने का आरोप, न सोना मिला और न पैसा!
ग्राम धरमपुर निवासी जगबंधु पटेल की कहानी भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। जगबंधु के अनुसार, उसने 9 अगस्त 2026 को श्याम ज्वेलर्स सांकरा के संचालक राकेश अग्रवाल के खिलाफ सांकरा थाने में लिखित शिकायत की थी। शिकायत में उसने बताया था कि उसका 29.730 ग्राम सोने का हार वापस नहीं किया जा रहा है और उसे बताया जा रहा है कि सोना गलाकर खत्म कर दिया गया है।
जगबंधु का आरोप है कि 10 अगस्त 2026 को सांकरा पुलिस ने उसे थाने बुलाया और यह भरोसा दिलाया कि उसका सोना मिल जाएगा। इसके बाद पुलिस ने कथित तौर पर लिखापढ़ी कराकर उससे शिकायत वापस लेने संबंधी हस्ताक्षर करा लिए।

लेकिन पीड़ित के मुताबिक, इसके बाद न तो उसे उसका सोना वापस मिला और न ही सोने की कीमत की कोई राशि मिली। अब विक्की अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद उसने दोबारा न्याय की उम्मीद में एसपी महासमुंद और सीएम हेल्पलाइन का दरवाजा खटखटाया है।

किशनलाल प्रधान का 30 ग्राम सोना भी नहीं लौटाने का आरोप, बेटी के इलाज के लिए गिरवी रखे थे आभूषण
इस मामले में ग्राम धरमपुर निवासी किशनलाल प्रधान के मुताबिक अपने बेटी अतिशिला की शादी के समय उन्होंने 20 ग्राम वजन के सोने के कान के आभूषण (करण फूल) 70 हजार रुपये में 2 प्रतिशत मासिक ब्याज पर गिरवी रखे थे। इसके बाद बेटी की तबीयत बिगड़ने और रायपुर के निजी अस्पताल में उपचार कराने की जरूरत पड़ने पर उन्होंने 10 ग्राम की सोने की माला (काँची माला) 18 हजार रुपये में दोबारा गिरवी रखी। इस तरह उन्हें कुल 88 हजार रुपये मिले थे।

किशनलाल ने बताया है कि उन्होंने दोनों गिरवी रकम पर अलग-अलग समय में कुल 11 हजार रुपये ब्याज भी जमा किए थे। उनका आरोप है कि दोनों बार सोना गिरवी रखने के बावजूद उन्हें कोई रसीद या लिखित पावती नहीं दी गई।

किशनलाल का कहना है कि करीब एक साल बाद जब वे अपने आभूषण छुड़ाने श्याम ज्वेलर्स पहुंचे, तो कथित तौर पर राकेश अग्रवाल ने सोना लौटाने से इनकार कर दिया। आवेदन के अनुसार, उन्हें कहा गया कि “तुम्हारा सोना डूब चुका है तथा उस सोने को गला दिया गया है, अब तुम्हें तुम्हारा सोना वापस नहीं मिलेगा।”

किशनलाल ने पुलिस अधीक्षक से इस मामले में उचित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका आरोप है कि बेटी की शादी और इलाज जैसी पारिवारिक जरूरतों के लिए गिरवी रखे गए उनके 30 ग्राम सोने को उनकी जानकारी और सहमति के बिना गला दिया गया तथा अब उसे लौटाने से इनकार किया जा रहा है।

15 नवंबर को एसपी और सीएम हेल्पलाइन में फिर लगाई गुहार, सांकरा पुलिस ने घंटों बैठाया!
श्याम ज्वेलर्स के संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद तीनों पीड़ितों में भी न्याय की उम्मीद जगी। इसी उम्मीद के साथ 15 नवंबर 2026 को जगबंधु पटेल, किशनलाल प्रधान और हेमसागर पटेल ने एसपी महासमुंद एवं सीएम हेल्पलाइन में फिर से शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ितों का आरोप है कि शिकायत के बाद सांकरा पुलिस ने तीनों को फोन कर थाने बुलाया और कई घंटे तक बैठाए रखा। इसके बाद उनसे कहा गया कि वे थाना प्रभारी के नाम से आवेदन तैयार कर दें, तभी आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ितों का कहना है कि वे पहले भी कई बार शिकायत कर चुके हैं, इसके बावजूद अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में उन्हें सांकरा पुलिस की मौजूदा कार्यप्रणाली से संतुष्टि नहीं है। उनका सवाल है कि जब एसपी और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की जा चुकी है तो फिर बार-बार नए आवेदन देने की जरूरत क्यों पड़ रही है?

2024 में शिकायत के बाद भी क्यों नहीं हुई कार्रवाई? पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
हेमसागर पटेल की ओर से 7 दिसंबर 2024 को की गई शिकायत और जगबंधु पटेल की 9 अगस्त 2026 की शिकायत के बाद कथित तौर पर शिकायत वापस कराने की घटना अब जांच का महत्वपूर्ण विषय बन गई है।

यदि पीड़ितों के आरोप सही पाए जाते हैं तो यह भी जांच का विषय होगा कि पहले की शिकायतों पर क्या कार्रवाई की गई थी? शिकायत वापस कराने के पीछे क्या परिस्थितियां थीं? और क्या इन मामलों को लेकर पहले ही प्रभावी जांच की जा सकती थी?

सांकरा पुलिस की भूमिका को लेकर पीड़ितों द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों का पक्ष सामने आना भी आवश्यक है।

विक्की अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद खुलने लगी पीड़ितों की कतार!
गौरतलब है कि श्याम ज्वेलर्स के संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल को 13 नवंबर 2026 को सांकरा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 15 ग्राम गला हुआ सोना, गिरवी लेन-देन के 20 रजिस्टर, 7 कॉपियां, 2 गिरवी रसीद बुक, सैमसंग S22 अल्ट्रा मोबाइल और साहूकारी लाइसेंस बरामद किया था।

इस कार्रवाई के बाद अब अन्य ग्रामीण भी अपने गिरवी रखे सोने की जानकारी लेकर सामने आ रहे हैं। तीन नए पीड़ितों के 65.630 ग्राम सोने का मामला सामने आने से जांच का दायरा और बढ़ सकता है।

बरामद 20 रजिस्टर और 7 कॉपियों में दर्ज लेन-देन की जांच से अन्य पीड़ितों का पता लगाने में मदद मिल सकती है।

एसपी प्रभात कुमार से पीड़ितों को न्याय की उम्मीद
लंबे समय से अपने सोने के लिए पुलिस के चक्कर काट रहे हेमसागर पटेल का कहना है कि वह वर्ष 2024 से लगातार न्याय की गुहार लगा रहा है। कई बार लिखित शिकायत देने और थाना पहुंचने के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब श्याम ज्वेलर्स के संचालक की गिरफ्तारी के बाद उसे उम्मीद है कि पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उसे न्याय दिलाएंगे।

तीनों पीड़ितों की मांग है कि उनके गिरवी रखे सोने का पूरा हिसाब सामने लाया जाए, संबंधित दस्तावेजों और रजिस्टरों की जांच की जाए तथा जिन लोगों के जेवरात कथित तौर पर गलाए गए हैं, उन्हें उनका सोना अथवा उसकी उचित कीमत वापस दिलाई जाए।

अब एसपी महासमुंद के सामने कई बड़े सवाल!
इस पूरे मामले में अब पुलिस अधीक्षक महासमुंद के सामने कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े हो रहे हैं—
हेमसागर पटेल की 7 दिसंबर 2024 की शिकायत पर सांकरा पुलिस ने क्या कार्रवाई की थी?
जगबंधु पटेल की 9 अगस्त 2026 की शिकायत के बाद 10 अगस्त को शिकायत वापस कराने की परिस्थितियां क्या थीं?
क्या तीनों पीड़ितों के गिरवी रखे सोने का विवरण श्याम ज्वेलर्स से बरामद 20 रजिस्टरों में दर्ज है?
क्या राकेश अग्रवाल के साथ अजय अग्रवाल की भूमिका की भी जांच होगी?
क्या पुराने शिकायतकर्ताओं के आरोपों और कथित धमकियों की अलग से जांच कराई जाएगी?
क्या अन्य ग्रामीणों के गिरवी रखे सोने का भी पता लगाकर उन्हें उनका हक वापस दिलाया जाएगा?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ग्रामीणों की शिकायतों पर पहले ही गंभीरता से कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या समय रहते जांच होती तो इन ग्रामीणों का सोना सुरक्षित बचाया जा सकता था?

अब देखना होगा कि पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार इस पूरे मामले को किस गंभीरता से लेते हैं और क्या वर्षों से अपने सोने तथा न्याय के लिए भटक रहे इन ग्रामीणों को उनका हक मिल पाता है।

Jholturam.com की नजर इस पूरे मामले पर बनी हुई है। पीड़ितों को न्याय मिलने, पुलिस जांच की प्रगति और अन्य शिकायतों से जुड़े हर घटनाक्रम को प्रमुखता से सामने लाया जाएगा।

Ad code

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement