बरबसपुर में जमीन के लिए ‘महाभारत’! एक-दूसरे पर लगाए गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के आरोप, दो FIR से गांव में मचा घमासान
बसना। जिले के बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बरबसपुर में जमीन को लेकर विवाद अब खुलकर पुलिस थाने तक पहुंच गया है। मामला ऐसा उलझा कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए अलग-अलग FIR दर्ज करा दी। एक पक्ष ने आबादी पट्टे की जमीन पर अतिक्रमण और धक्का-मुक्की का आरोप लगाया है, तो दूसरे पक्ष ने सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की है। एक ही गांव में दो FIR दर्ज होने के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
पहली FIR: घर के पास पहुंचे, गाली दी और ड्रिल मशीन से जान लेने की धमकी का आरोप
बसना थाने में 22 नवंबर 2026 को FIR क्रमांक 0657 दर्ज की गई। शिकायतकर्ता श्रीमती कुसुम साहू पति प्यारे लाल साहू हैं। शिकायत के अनुसार, 21 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे गांव के दैत्य कुमार साहू, लखन पटेल, रविशंकर प्रधान और मोहन गडतिया उनके आबादी पट्टे की जमीन पर बने मकान को लेकर विवाद करने पहुंचे।
आरोप है कि चारों ने मकान को अतिक्रमण बताकर गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की की। इतना ही नहीं, ड्रिल मशीन चलाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना के दौरान उनके भतीजे कैलाश साहू, एकाराम साहू और पति प्यारे लाल साहू मौजूद थे।
इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 3(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
दूसरी FIR: सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर पंचायत में हुआ विवाद!
पहली FIR के दो दिन बाद 24 नवंबर 2026 को बसना थाने में दूसरी FIR क्रमांक 0661 दर्ज हुई। इस बार शिकायतकर्ता छंदाचरण बारीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 21 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे ग्राम पंचायत की ओर से अटल डिजिटल भवन निर्माण को लेकर गांव के पंच, सरपंच और ग्रामीण मौके पर मौजूद थे।
शिकायत के अनुसार, जिस स्थान पर अटल डिजिटल भवन का निर्माण हो रहा है, वहां कुसुम साहू द्वारा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया गया है। ग्रामीणों द्वारा कथित तौर पर जमीन खाली करने की बात कहने पर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि कुसुम साहू, प्यारे लाल साहू, एका साहू और कैलाश साहू ने एकजुट होकर ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने लखन पटेल, दैत्य कुमार साहू, सागरचंद साहू, माधव भोई, वैजयंती साहू और अहिल्या प्रधान को घटना का गवाह बताया है।
इस शिकायत पर भी पुलिस ने BNS की धारा 296, 3(5) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
एक ही विवाद, दो पक्ष और दो FIR... आखिर सच क्या है?
बरबसपुर में जमीन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब दो अलग-अलग पुलिस शिकायतों में बदल चुका है। दिलचस्प बात यह है कि पहली FIR में जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, दूसरी FIR में उनमें से कुछ लोग शिकायतकर्ता पक्ष के गवाह बताए गए हैं। वहीं दूसरी FIR में नामजद लोगों में पहली शिकायत करने वाले परिवार के सदस्य भी शामिल हैं।
एक पक्ष अपनी आबादी पट्टे की जमीन पर मकान को लेकर विवाद बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष अटल डिजिटल भवन के निर्माण स्थल के पास सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण का मुद्दा उठा रहा है।
फिलहाल दोनों पक्षों के आरोप पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हैं। इन आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। अब देखना होगा कि जमीन के इस विवाद में पुलिस जांच क्या खुलासा करती है और बरबसपुर का यह घमासान आखिर कब शांत होता है।

Social Plugin