Ad Code

खबर का असर: झोल्टूराम की खबर पर कलेक्टर की कार्रवाई, 80 क्विंटल धान खरीदी मामले में किसान का भुगतान रोका, खरीदी प्रभारी को नोटिस


खबर का असर: झोल्टूराम की खबर पर कलेक्टर की कार्रवाई, 80 क्विंटल धान खरीदी मामले में किसान का भुगतान रोका, खरीदी प्रभारी को नोटिस

खेत में खड़ी थी फसल, किसान के नाम पर बिक गया 80 क्विंटल धान! खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया जिला प्रशासन, संयुक्त जांच में सामने आई 38 क्विंटल अधिक खरीदी की आशंका।

रूपानंद सोई 94242 - 43631 

महासमुंद। धान खरीदी में कथित गड़बड़ी को लेकर झोल्टूराम में प्रमुखता से उठाए गए मामले का असर अब दिखाई देने लगा है। पिथौरा विकासखंड के बरनईदादर धान उपार्जन केंद्र में खेतों में फसल की कटाई पूरी हुए बिना किसान के नाम पर 80 क्विंटल धान की बिक्री का मामला सामने आने के बाद कलेक्टर विनय कुमार  लंगेह ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने संबंधित किसान का धान भुगतान रोक दिया है, वहीं खरीदी केंद्र के प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

झोल्टूराम की खबर के बाद प्रशासन ने कराई जांच
पूरा मामला धान उपार्जन केंद्र बरनईदादर, सहकारी समिति पथरला का है। यहां ग्राम भातकुंदा निवासी किसान कांतिलाल पटेल के नाम पर 19 नवंबर 2026 को एक ही दिन में 80 क्विंटल धान की बिक्री दर्ज की गई थी। झोल्टूराम ने अपनी पड़ताल में यह सवाल उठाया था कि जब किसान के खेतों में धान की कटाई पूरी नहीं हुई थी, तो आखिर 80 क्विंटल धान खरीदी केंद्र तक कैसे पहुंचे?

खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से जांच कराई। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों ने धान खरीदी की मात्रा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच में 42 क्विंटल की संभावित उपार्जन क्षमता, बिक्री 80 क्विंटल!
प्रशासनिक जांच के अनुसार किसान के नाम कुल 2.5200 हेक्टेयर भूमि पंजीकृत है, जिसमें 2.2400 हेक्टेयर में धान की फसल दर्ज है। वहीं जांच के दौरान तैयार पंचनामा में किसान की लगभग 2 एकड़ जमीन में ही धान की कटाई होना पाया गया।
शासन की उपार्जन नीति के अनुसार प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदी का प्रावधान है। इस आधार पर लगभग 2 एकड़ में 42 क्विंटल धान की उपार्जन क्षमता संभावित मानी गई, जबकि किसान के नाम पर 80 क्विंटल धान की बिक्री दर्ज है।

यानी निर्धारित उपज के संभावित आकलन से करीब 38 क्विंटल अधिक धान की खरीदी का मामला सामने आया है। अब सवाल यह है कि अतिरिक्त धान कहां से आया और खरीदी केंद्र में इसकी एंट्री किस आधार पर की गई?

किसान का भुगतान रोका, खरीदी प्रभारी को नोटिस
जांच में प्रथम दृष्टया निर्धारित मात्रा से अधिक धान विक्रय का मामला सामने आने के बाद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर संबंधित किसान का भुगतान रोक दिया गया है। वहीं बरनईदादर धान खरीदी केंद्र के खरीदी प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में किसी भी तरह की अनियमितता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

भुगतान रोकने और नोटिस से आगे भी होगी जांच?
झोल्टूराम की खबर प्रकाशित के बाद प्रशासनिक कार्रवाई जरूर सामने आई है, लेकिन पूरे मामले में अभी कई सवालों के जवाब मिलना बाकी हैं। आखिर 80 क्विंटल धान की खरीदी किस आधार पर दर्ज की गई? संभावित उपार्जन मात्रा से करीब 38 क्विंटल अधिक धान केंद्र तक कैसे पहुंचा? क्या खरीदी के दौरान भौतिक सत्यापन किया गया था? और क्या इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भी भूमिका है?

फिलहाल किसान का भुगतान रोकने और खरीदी प्रभारी को नोटिस जारी करने की कार्रवाई हुई है। अब निगाहें प्रशासन की अगली जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं।

झोल्टूराम की खबर के बाद प्रशासन की कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि धान खरीदी में उठाए गए सवालों को नजरअंदाज नहीं किया गया। लेकिन असली सवाल अब भी कायम है—80 क्विंटल धान की खरीदी के पीछे की पूरी सच्चाई क्या है और यदि अनियमितता प्रमाणित होती है, तो जिम्मेदारों पर कितनी बड़ी कार्रवाई होगी?


Ad code

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement