महासमुंद सखी वन स्टॉप सेंटर में रसोइया के पद पर भर्ती, 4 दिसंबर को होगा वॉक-इन-इंटरव्यू
महासमुंद। नौकरी की तलाश कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर महासमुंद में बहुउद्देशीय कर्मचारी (रसोइया) के एक रिक्त पद पर भर्ती निकाली गई है। इस पद के लिए इच्छुक एवं पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयन प्रक्रिया के तहत 4 दिसंबर 2026 को वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग टीकवेंद्र जटवार ने बताया कि उक्त पद अनारक्षित महिला वर्ग के लिए निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थी की नियुक्ति प्रारंभ में अधिकतम दो वर्ष की अवधि के लिए एकमुश्त सेवा शुल्क के आधार पर की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी की कार्यक्षमता, योग्यता, व्यवहार एवं विभागीय आवश्यकता के आधार पर सेवा अवधि को प्रत्येक बार एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकेगा। यह नियुक्ति पूर्णतः अस्थायी होगी तथा योजना की अवधि तक ही सीमित रहेगी।
यहां मिलेगी भर्ती की विस्तृत जानकारी
भर्ती के लिए इच्छुक महिला अभ्यर्थी पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला महासमुंद के सूचना पटल से प्राप्त कर सकती हैं। इसके अलावा जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://mahasamund.gov.in पर भी भर्ती संबंधी जानकारी देखी जा सकती है।

Social Plugin