सांकरा में अवैध शराब परिवहन करते बाइक सवार गिरफ्तार, 4.5 लीटर शराब जब्त
महासमुंद। जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बाइक सवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अंग्रेजी और देशी शराब की कुल 4.5 लीटर मात्रा बरामद की गई है। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को प्रधान आरक्षक संतोष यादव हमराह पुलिस स्टाफ के साथ ग्राम भ्रमण और अपराध पतासाजी पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HD 5141 में अवैध रूप से बिक्री के लिए शराब लेकर सांकरा से एनएच-53 की ओर जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने जोंक नदी पुल के आगे ग्राम सांकरा के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार मौके पर पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोककर पूछताछ की। उसकी पहचान मेघलाल साहू (38 वर्ष), पिता बेदराम साहू, निवासी रिकोकला, थाना राजादेवरी, जिला बलौदाबाजार के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे नीले-गुलाबी रंग के प्लास्टिक थैले से 15 नग जम्बू छाप अंग्रेजी शराब और 10 नग शेरा छाप देशी प्लेन शराब बरामद हुई। सभी बोतलों में 180-180 एमएल शराब भरी हुई थी। इस तरह कुल 25 नग में 4.5 लीटर शराब मिली, जिसकी कीमत 2,600 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने 2,600 रुपये की शराब और करीब 40 हजार रुपये कीमत की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल सहित कुल 42,600 रुपये की संपत्ति जब्त की।
आरोपी मेघलाल साहू के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार करने के बाद सक्षम जमानतदार पेश करने पर जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया। मामले में आगे की विवेचना सांकरा पुलिस द्वारा की जा रही है।

Social Plugin