Ad Code

बसना में पालतू कुत्ते का आतंक! , मालिक पर FIR

 


बसना में पालतू कुत्ते का आतंक! सड़क पर घूम रहे कुत्ते ने सैलून संचालक को काटा, पहले भी एक युवक को बना चुका है शिकार; मालिक पर FIR

बसना। शहर के टिकरापारा इलाके में पालतू कुत्ते के खुलेआम घूमने और लोगों पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति अपने पालतू कुत्ते को बिना बांधे सड़क पर खुला छोड़ देता है। इसी लापरवाही का खामियाजा एक सैलून संचालक को भुगतना पड़ा। घर लौट रहे युवक पर कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया और उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे काट लिया। घटना में युवक घायल हो गया और उसे इलाज के साथ एंटी रेबीज का टीका लगवाना पड़ा।

मामले में घायल योगेश सेन की शिकायत पर बसना पुलिस ने कुत्ते के मालिक सुभाष अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 291 के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दुकान बंद कर घर लौट रहा था युवक, रास्ते में कुत्ते ने किया हमला
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, वार्ड नंबर 13 टिकरापारा निवासी योगेश सेन सैलून की दुकान चलाते हैं। 21 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान टिकरापारा स्कूल के सामने रहने वाले सुभाष अग्रवाल (विनायक कलेक्शन वाले) के घर के पास से गुजरते समय उनका सामना एक काले रंग के पालतू कुत्ते से हुआ।

आरोप है कि कुत्ता सड़क पर खुला घूम रहा था। जैसे ही योगेश वहां से गुजरे, कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया और दाहिने पैर में घुटने के नीचे काट लिया। इससे उनके पैर में गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा।

पहले भी एक युवक को काट चुका है कुत्ता!
शिकायत में योगेश सेन ने एक और गंभीर आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, इसी कुत्ते ने 7 नवंबर 2026 को उनके परिचित मनोज बेहरा को भी दाहिने पैर में काटा था। पहली घटना की जानकारी होने के बावजूद कुत्ते को बांधकर रखने या लोगों की सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई।

योगेश का आरोप है कि कुत्ते के काटने के बाद जब उन्होंने उसके मालिक सुभाष अग्रवाल से उसे बांधकर रखने की बात कही, तो उन्होंने जिम्मेदारी लेने के बजाय कथित तौर पर कहा कि वह अपने कुत्ते को अपनी मर्जी से रखेंगे।

इलाज कराने के बाद पहुंचे थाने, दर्ज कराई शिकायत
कुत्ते के हमले में घायल होने के बाद योगेश पहले अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अपना इलाज कराया और एंटी रेबीज का टीका लगवाया। शिकायत के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें लगा कि मोहल्ले का मामला है और कुत्ते का मालिक अपनी गलती समझ जाएगा। लेकिन कथित लापरवाही और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए उन्होंने 23 नवंबर को बसना थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
बसना पुलिस ने शिकायत के आधार पर 23 नवंबर 2026 को FIR क्रमांक 0659 दर्ज की है। आरोपी सुभाष अग्रवाल के खिलाफ BNS की धारा 291 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

Ad code

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement