धान खरीदी के पांचवें ही दिन बड़ा फर्जीवाड़ा! खड़ी फसल के नाम पर 80 क्विंटल धान बेचने का खेल, बरनाईदादर केंद्र में हड़कंप
रूपानंद सोई -94242-43631
महासमुंद। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू हुई समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महज पांच दिन ही पूरे कर पाई है, लेकिन महासमुंद जिले में गड़बड़ियों और फर्जीवाड़े की पुरानी कहानी एक बार फिर दोहराई जाने लगी है। धान खरीदी में अनियमितताओं को लेकर पहले भी कई मामलों में FIR दर्ज हो चुकी है, बावजूद इसके सिस्टम की कथित मिलीभगत से नए मामले सामने आने की चर्चाएं तेज हैं। ताजा मामला पिथौरा क्षेत्र के ग्राम भतकुंदा और बरनाईदादर धान खरीदी केंद्र से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां बिना कटाई ही 80 क्विंटल धान खपा दिए जाने की चर्चा ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। हालांकि, झोल्टूराम इस खबर की पुष्टि नहीं करता है।
बिना कटाई कैसे बिक गया 80 क्विंटल धान?
सूत्रों और स्थानीय चर्चाओं के मुताबिक, पिथौरा क्षेत्र के ग्राम भतकुंदा के एक किसान की फसल की अभी तक कटाई ही नहीं हुई है—फसल खेत में ही खड़ी बताई जा रही है। इसके बावजूद बरनाईदादर धान खरीदी केंद्र में उक्त किसान के नाम से 80 क्विंटल धान का टोकन कटने और धान की बिक्री हो जाने की बात सामने आ रही है।
सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब खेत में फसल कटी ही नहीं है, तो केंद्र में 80 क्विंटल धान कैसे पहुंच गया और किसके नाम या किस माध्यम से इसकी एंट्री हुई? बरनाईदादर खरीदी केंद्र में इस पूरे प्रकरण को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।
निगरानी और सत्यापन व्यवस्था पर फिर सवाल
हर बार धान खरीदी सीजन की शुरुआत के साथ प्रशासन द्वारा सख्ती, पारदर्शिता और बिचौलियों पर नकेल कसने के दावे किए जाते हैं। महासमुंद जिले में बीते समय में हुई गड़बड़ियों के बाद कई मामलों में पुलिस में FIR भी दर्ज हो चुकी है। इसके बावजूद खरीदी के शुरुआती पांच दिनों में ही इस तरह की चर्चाओं का सामने आना टोकन व्यवस्था, रकबा-फसल सत्यापन और केंद्र स्तर की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
आगे क्या? जांच और कार्रवाई की नजरें
स्थानीय स्तर पर उठ रही इन चर्चाओं के बीच अब निगाहें प्रशासन और खाद्य विभाग की संभावित जांच पर टिकी हैं। यदि भतकुंदा के किसान की फसल वाकई खेत में खड़ी है और बरनाईदादर केंद्र में 80 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज हो चुकी है, तो यह जांच का गंभीर विषय बनता है। देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर कब तक स्थिति स्पष्ट करते हैं और क्या कोई कार्रवाई सामने आती है। (स्पष्ट किया जाता है कि झोल्टूराम इस खबर की पुष्टि नहीं करता है।)

Social Plugin