Ad Code

पिथौरा में सरकारी जमीन का सनसनीखेज खेल! 5 एकड़ गौठान की जमीन 5 करोड़ में बिकने की चर्चा ? लकवाग्रस्त आदिवासी को बोलेरो में घर से उठाकर तहसील ले जाने का आरोप, अंधेरे में पिता-पुत्र से कराए हस्ताक्षर! अब बेटे ने खोला मोर्चा

 


पिथौरा में सरकारी जमीन का सनसनीखेज खेल! 5 एकड़ गौठान की जमीन पर भू-माफियाओं की नजर? लकवाग्रस्त आदिवासी को बोलेरो में घर से उठाकर तहसील ले जाने का आरोप, अंधेरे में पिता-पुत्र से कराए हस्ताक्षर!

NH-53 से लगी करोड़ों की बेशकीमती जमीन का राजस्व रिकॉर्ड बदलने पर बवाल; 5 करोड़ में सौदे की चर्चा, आदिवासी को 5 लाख देने का कथित वादा भी अधूरा; अब बेटे ने खोला मोर्चा, उच्चस्तरीय जांच की तैयारी


पिथौरा। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सरकारी और आदिवासी जमीनों के राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेरफेर का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली के साथ-साथ भू-माफियाओं के कथित नेटवर्क पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला ग्राम टेका का है, जहां NH-53 से लगी करीब 5 एकड़ बेशकीमती जमीन, जिसे ग्राम के अधिकार अभिलेख में गौठान के लिए सुरक्षित बताया जा रहा है, उसके राजस्व रिकॉर्ड में कथित तौर पर ऐसा खेल हुआ कि आदिवासी बिरसिंग बरिहा का नाम हटाकर गणेश राम साहू का नाम दर्ज कर दिया गया।

लेकिन इस पूरे मामले में अब जो नया खुलासा सामने आया है, वह और भी चौंकाने वाला है। बिरसिंग बरिहा के पुत्र तिजाऊ राम बरिहा के बताए अनुसार, कथित भू-माफियाओं ने लकवे से पीड़ित और चलने-फिरने में असमर्थ बिरसिंग बरिहा तथा उनके पुत्र को शाम के समय, जब अंधेरा हो चुका था, उनके घर ग्राम टेका से एक बोलेरो वाहन में बैठाकर पिथौरा तहसील कार्यालय पहुंचाया।

आरोप है कि तहसील कार्यालय से एक फाइल लाकर पिता-पुत्र से हस्ताक्षर कराए गए। तिजाऊ राम के अनुसार, इस मामले में उनके पिता कभी भी पेशी पर तहसील कार्यालय नहीं गए, क्योंकि लकवा मारने के कारण वे चलने-फिरने में असमर्थ हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब बिरसिंग बरिहा शारीरिक रूप से चलने-फिरने में सक्षम नहीं थे, तो जमीन से जुड़े इस महत्वपूर्ण राजस्व प्रकरण में उनकी वास्तविक सहमति कैसे और किन परिस्थितियों में ली गई?

क्या उन्हें दस्तावेजों की पूरी जानकारी दी गई थी? क्या हस्ताक्षर स्वेच्छा से कराए गए या किसी दबाव में? आखिर अंधेरा होने के बाद उन्हें बोलेरो में बैठाकर तहसील कार्यालय ले जाने की जरूरत क्यों पड़ी? इन सवालों ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

लकवाग्रस्त आदिवासी को घर से तहसील ले जाने का आरोप, आखिर क्या छिपाया जा रहा था?
तिजाऊ राम बरिहा के आरोपों ने इस पूरे जमीन प्रकरण को नया मोड़ दे दिया है। उनके अनुसार, उनके पिता बिरसिंग बरिहा लकवे से पीड़ित हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। इसके बावजूद कथित तौर पर उन्हें शाम के अंधेरे में घर से बोलेरो वाहन में बैठाकर तहसील कार्यालय ले जाया गया और वहां एक फाइल लाकर हस्ताक्षर कराए गए।

यदि यह आरोप सही साबित होता है, तो यह केवल राजस्व रिकॉर्ड में नाम बदलने का मामला नहीं रहेगा, बल्कि एक असहाय आदिवासी व्यक्ति की शारीरिक स्थिति और उसकी सहमति से जुड़े गंभीर सवाल भी खड़े होंगे।

अब जांच का विषय यह भी है कि तहसील कार्यालय में उस दिन कौन-कौन मौजूद था? किस अधिकारी या कर्मचारी ने फाइल प्रस्तुत की? उसमें कौन-कौन से दस्तावेज थे? क्या पिता-पुत्र को दस्तावेज पढ़कर सुनाए गए? क्या उनके बयान विधिवत दर्ज किए गए? और क्या इस पूरी प्रक्रिया का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध है?
महज 16 दिनों में पूरी हुई रिकॉर्ड बदलने की कार्रवाई!
इस प्रकरण में राजस्व विभाग की तेजी भी सवालों के घेरे में है। उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार घटनाक्रम इस प्रकार है—
22 जून 2026: गणेश राम साहू ने पिथौरा तहसीलदार के समक्ष त्रुटि सुधार का आवेदन प्रस्तुत किया।
30 जून 2026: संबंधित हल्का पटवारी ने अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
8 जुलाई 2026: तहसीलदार ने आदेश पारित कर राजस्व रिकॉर्ड में बिरसिंग के स्थान पर गणेश राम साहू का नाम दर्ज करने का निर्देश दिया।
यानी आवेदन से अंतिम आदेश तक महज 16 दिनों में पूरी प्रक्रिया संपन्न हो गई।

आखिर इस मामले में इतनी तेजी क्यों दिखाई गई? क्या सभी संबंधित पक्षों को विधिवत नोटिस दिया गया था? क्या बिरसिंग बरिहा को व्यक्तिगत रूप से सुनवाई का अवसर मिला था? यदि वे लकवे के कारण चलने-फिरने में असमर्थ थे, तो उनकी उपस्थिति और सहमति से संबंधित प्रक्रिया किस तरह पूरी की गई? इन सवालों का जवाब अब प्रशासनिक जांच से ही सामने आ सकता है।

5 लाख रुपये देने का कथित वादा, रिकॉर्ड बदलते ही आदिवासी खाली हाथ!
मामले से जुड़े लोगों के आरोपों के अनुसार, बिरसिंग बरिहा को जमीन के रिकॉर्ड में बदलाव की प्रक्रिया में सहयोग के बदले 5 लाख रुपये देने का भरोसा दिलाया गया था। आरोप है कि उन्हें कहा गया था कि रिकॉर्ड में सुधार होने के बाद निर्धारित रकम दे दी जाएगी।

लेकिन राजस्व रिकॉर्ड में गणेश राम साहू का नाम दर्ज होने के बाद कथित तौर पर बिरसिंग को एक रुपया भी नहीं मिला।

करोड़ रुपये में जमीन के सौदे की चर्चा!
स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि राजस्व रिकॉर्ड में गणेश राम साहू का नाम दर्ज होने के बाद NH-53 से लगी इस बेशकीमती जमीन का सौदा ओडिशा निवासी सरस कुमार जैन के साथ करीब 5 करोड़ रुपये में किया गया।

हालांकि, इस कथित सौदे की स्वतंत्र दस्तावेजी पुष्टि, रजिस्ट्री की प्रति और वास्तविक भुगतान का विवरण अभी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है।


अब बेटे तिजाऊ राम बरिहा ने खोला मोर्चा, उच्चस्तरीय शिकायत की तैयारी
इस पूरे मामले में अब बिरसिंग बरिहा के पुत्र तिजाऊ राम बरिहा ने मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। उनके बताए घटनाक्रम और सामने आए राजस्व दस्तावेजों को लेकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय शिकायत किए जाने की तैयारी है।

अब जांच से ही खुलेगा जमीन के खेल का राज!
ग्राम टेका का यह मामला अब केवल राजस्व रिकॉर्ड में नाम बदलने तक सीमित नहीं रह गया है। एक तरफ गौठान के लिए सुरक्षित बताई जा रही सरकारी जमीन का सवाल है, दूसरी तरफ आदिवासी बिरसिंग बरिहा के नाम की प्रविष्टि हटने का मामला और तीसरी तरफ लकवे से पीड़ित व्यक्ति को कथित तौर पर अंधेरे में घर से तहसील ले जाकर हस्ताक्षर कराने का गंभीर आरोप है।


Ad code

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement