पटवारियों की मांगों पर CM विष्णुदेव साय का बड़ा फैसला, उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश; संघ ने स्थगित की हड़ताल
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की राज्यव्यापी हड़ताल को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ सकारात्मक चर्चा के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़ी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हड़ताल अवधि के दौरान हुई कार्यवाहियों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री निवास में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ पटवारी संघ के पदाधिकारियों के बीच औपचारिक मुलाकात हुई। इस दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुनते हुए समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
वेतन विसंगति और पदोन्नति की मांगों पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पटवारियों की वेतन विसंगति एवं पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह समिति मांगों के विभिन्न पहलुओं का विस्तृत अध्ययन करेगी और उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं राज्य सरकार को प्रस्तुत करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों और समस्याओं का समाधान संवाद एवं आपसी समझ के माध्यम से किया जाना चाहिए। राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उनके जायज मुद्दों के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
हड़ताल अवधि की कार्यवाहियों पर भी होगा सहानुभूतिपूर्वक विचार
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने हड़ताल अवधि में पटवारियों के विरुद्ध हुई कार्यवाहियों के संबंध में भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने सकारात्मक संवाद के जरिए विवादों का समाधान निकालने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद पटवारी संघ ने स्थगित की हड़ताल
मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख और मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री की इस पहल से पटवारियों की मांगों के समाधान की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है ।

Social Plugin