पिथौरा के गोडमर्रा पंचायत में बड़ा घोटाला! जाँच में सहयोग न करने वाले सचिव पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं? कलेक्टर जनदर्शन में पहुँचा मामला
रूपानंद सोई 94242-43631
पिथौरा/महासमुंद: महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गोडमर्रा के सचिव की मनमानी और वित्तीय अनियमितता का मामला एक बार फिर गरमा गया है। वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2024-25 तक हुए शासकीय कार्यों और सामग्री क्रय में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की शिकायत के बावजूद, जाँच में बाधा डालने वाले सचिव पर ठोस कार्रवाई न होने पर आवेदक ने कलेक्टर जनदर्शन में गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
कैलाशपुर निवासी एम डी सागर ने कलेक्टर महासमुंद को सौंपे गए आवेदन में बताया कि उन्होंने गोडमर्रा पंचायत में विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हुए कार्यों और खर्चों में हुई अनियमितता की शिकायत की थी। इस पर जनपद पंचायत पिथौरा द्वारा जाँच दल भी गठित किया गया था।
जाँच से भाग रहा सचिव, नोटिस के बाद भी टालमटोल
शिकायत के अनुसार, जाँच के दौरान संबंधित पंचायत सचिव समेलाल ओगरे ने आवश्यक दस्तावेज और अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए, जिसकी वजह से जाँच अधूरी लटकी रह गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पिथौरा द्वारा इस संबंध में सचिव को कारण बताओ नोटिस दिनांक 08.09.2026 को जारी किया गया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि नोटिस जारी होने के इतने दिन बाद भी आज तक न तो जाँच पूरी हुई और न ही दोषी सचिव के खिलाफ कोई कड़ी विभागीय कार्रवाई की गई।
कलेक्टर से निष्पक्ष उच्चस्तरीय जाँच की मांग
आवेदक एम डी सागर ने कलेक्टर जनदर्शन में दिनांक 17/11/2026 को मांग की है कि इस गंभीर प्रकरण में संलिप्त सचिव के विरुद्ध नियमानुसार सख्त विभागीय और दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही, वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2024-25 तक हुए तमाम विकास कार्यों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जाँच कराने की मांग उठाई गई है, ताकि भ्रष्टाचार में लिप्त चेहरों बेनकाब किया जा सके।

Social Plugin