Ad Code

Crime News Chhattisgarh : महासमुंद में साइबर ठगी का नया तरीका, नीले एक्टिवा सवार पर कई च्वाइस सेंटर संचालकों से धोखाधड़ी का आरोप, साइबर ठगी की रकम खातों में डलवाकर नकदी लेने का आरोप, कई संचालकों के बैंक खाते हुए होल्ड

 


महासमुंद में साइबर ठगी का नया तरीका, नीले एक्टिवा सवार पर कई च्वाइस सेंटर संचालकों से धोखाधड़ी का आरोप

साइबर ठगी की रकम खातों में डलवाकर नकदी लेने का आरोप, कई संचालकों के बैंक खाते हुए होल्ड

महासमुंद। जिले में च्वाइस सेंटर संचालकों को निशाना बनाकर साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। एक ही व्यक्ति द्वारा नीले रंग के एक्टिवा वाहन क्रमांक CG 04 MH 4061 का इस्तेमाल कर अलग-अलग च्वाइस सेंटर संचालकों से धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत सामने आई है। मामले में बिरकोनी स्थित दीवान डिजिटल सेवा केंद्र के संचालक त्रिलोक कुमार दीवान की शिकायत पर महासमुंद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4) और 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।

शिकायत के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1:43 बजे नीले रंग के एक्टिवा पर सवार एक व्यक्ति बिरकोनी स्थित दीवान डिजिटल सेवा केंद्र पहुंचा। उसने संचालक से कहा कि वह अपने मालिक से पैसे मंगवा रहा है, लेकिन उसके खाते में लोन की रकम कटने की वजह से वह पैसा अपने खाते में नहीं डलवाना चाहता। इसके बाद उसने सेंटर के क्यूआर कोड की फोटो अपने मोबाइल से खींचकर किसी अन्य व्यक्ति को भेज दी।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, क्यूआर कोड के माध्यम से रकम नहीं आने पर संबंधित व्यक्ति ने दूसरा मोबाइल नंबर मांगा। बाद में उसके आईडीएफसी फर्स्ट बैंक खाते में 16 हजार रुपये आए। आरोप है कि इसके बदले एक्टिवा सवार व्यक्ति ने संचालक से नकदी ले ली। रकम देने के दौरान एटीएम से पैसे निकालने में परेशानी होने पर संचालक ने अपने दूसरे एसबीआई खाते में 10 हजार रुपये ट्रांसफर किए और वहां से नकदी निकालकर दी। शिकायत में बताया गया है कि संबंधित व्यक्ति को रकम देने के बाद उसने 150 रुपये सर्विस चार्ज के रूप में दिए और वहां से चला गया।

अगले दिन, 30 सितंबर को शिकायतकर्ता के आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एसबीआई के दोनों खाते होल्ड हो गए। बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि खातों में साइबर फ्रॉड से जुड़ी रकम आने के कारण यह कार्रवाई हुई थी।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि च्वाइस सेंटर संचालकों के व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से जानकारी मिली कि महासमुंद निवासी मोहन लाल देवांगन, तुमगांव निवासी रामसिंग सेवई और खैरझिटी निवासी चेतन कुमार गायकवाड़ के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी हुई है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि इन घटनाओं में भी उसी एक्टिवा सवार व्यक्ति की भूमिका हो सकती है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। आरोपी की पहचान और अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Ad code

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement