CM Helpline 1076 : एक कॉल से रिया को मिला छात्रावास, अब नहीं रुकेगी पढ़ाई; बलरामपुर में 90% से अधिक शिकायतकर्ता संतुष्ट
रायपुर। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। बलरामपुर जिले की मेधावी छात्रा रिया की पढ़ाई छात्रावास में प्रवेश नहीं मिलने के कारण प्रभावित होने वाली थी, लेकिन पिता की एक शिकायत ने उसकी राह आसान कर दी। हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के महज 10 दिनों के भीतर रिया को प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, वाड्रफनगर में सीट आवंटित कर दी गई। अब वह बिना किसी बाधा के अपनी आगे की पढ़ाई जारी रख सकेगी।
88.6 प्रतिशत अंक लाने के बाद भी अटका था प्रवेश
बलरामपुर जिले के ग्राम मौली निवासी कुमारी रिया ने कक्षा 8वीं में 88.6 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। इसके बावजूद छात्रावास में प्रवेश नहीं मिलने से कक्षा 9वीं की पढ़ाई जारी रखने को लेकर परिवार चिंतित था। रिया के पिता श्री अजय प्रसाद अगरिया ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। मामले को संबंधित विभाग तक पहुंचाया गया और आदिम जाति विकास विभाग ने दस दिनों के भीतर छात्रावास में सीट आवंटित कर दी।
90 प्रतिशत से अधिक आवेदक निराकरण से संतुष्ट
बलरामपुर जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और उनके निराकरण का आकलन मुख्यमंत्री सुशासन फेलो श्री मध्यम दुबे ने अपनी रिपोर्ट में किया है। रिपोर्ट के अनुसार, हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने वाले 90 प्रतिशत से अधिक आवेदक समस्या के समाधान से संतुष्ट हैं।
यह रिपोर्ट कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में तैयार की गई है। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि केवल शिकायत बंद करना लक्ष्य नहीं, बल्कि आवेदक की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
बिजली, पेयजल और स्कूल की समस्याओं का भी हुआ समाधान
हेल्पलाइन के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का भी समयबद्ध निराकरण किया गया है।
किसान को मिली राहत : ग्राम बरदर के किसान श्री मुकेश के खेत की खराब बिजली लाइन दो दिनों में ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
गांव में लौटी पेयजल आपूर्ति: ग्राम चिनिया में श्री बाउलाल सिंह की शिकायत पर बंद सौर पेयजल संयंत्र को सुधारा गया।
स्कूल की व्यवस्थाएं दुरुस्त: ग्राम बचवार की प्राथमिक शाला में पेयजल, नल और शौचालय से जुड़ी समस्याओं का दो दिनों में निराकरण किया गया।
सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी मददगार बनी हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से महिला एवं बाल विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई की गई।
ग्राम जूनामाकड़ के ढाई वर्षीय ईथन कुजूर का विवरण पोषण ट्रैकर ऐप में अपडेट कर उसे रेडी-टू-ईट पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। ग्राम बरदर की श्रीमती माया गुप्ता को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत दूसरी बालिका के जन्म पर मिलने वाला लाभ दिलाया गया।
इसी तरह श्रीमती दुर्गावती कनौजिया की महतारी वंदन योजना से संबंधित ई-केवाईसी पूरी कराई गई, जबकि ग्राम बरतिकला के श्री विकास कुमार को नया राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया।
शिक्षा और आवास से जुड़ी शिकायतों पर भी कार्रवाई
शिक्षा से संबंधित शिकायत पर श्री जय प्रकाश साहू के बेटे का माइग्रेशन और प्रमाणपत्र विकासखंड शिक्षा कार्यालय से जारी कराया गया। वहीं ग्राम चंदौरा के श्री ओमप्रकाश यादव की आवास संबंधी शिकायत पर जांच दल गठित कर नियमानुसार निराकरण किया गया।
सुशासन फेलोशिप से बेहतर हो रहा सेवा वितरण
मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन एवं अभिसरण विभाग की पहल है। इसका संचालन आईआईएम रायपुर के सहयोग से किया जा रहा है। आईआईएम रायपुर में तीन माह के प्रशिक्षण के बाद दूसरे बैच के 36 सुशासन फेलो विभिन्न जिलों में तैनात किए गए हैं। इनका उद्देश्य नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और सार्वजनिक सेवाओं की पहुंच को बेहतर बनाना है। श्री मध्यम दुबे बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पदस्थ हैं।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के ये उदाहरण बताते हैं कि एक प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था किस तरह दूरस्थ गांवों के नागरिकों को शासन से जोड़ सकती है। रिया को छात्रावास में प्रवेश मिलने से लेकर किसानों की बिजली, गांवों के पेयजल और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलने तक, हेल्पलाइन आम लोगों के लिए समाधान का भरोसेमंद माध्यम बन रही है।

Social Plugin