छत्तीसगढ़ में नगरीय प्रशासन विभाग का बड़ा फेरबदल: 100 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले, 53 CMO और 24 इंजीनियर शामिल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग ने 100 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस सूची में 53 मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) और 24 अभियंता शामिल हैं। इसके अलावा लेखापाल, स्वास्थ्य निरीक्षक, कैशियर, भृत्य सहित विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
100 अधिकारियों-कर्मचारियों को मिली नई पदस्थापना
विभाग द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार कुल 100 अधिकारियों-कर्मचारियों का तबादला किया गया है। इनमें पदवार संख्या इस प्रकार है—
53 मुख्य नगर पालिका अधिकारी
24 अभियंता
5 लेखापाल
4 स्वास्थ्य निरीक्षक
4 भृत्य
3 कैशियर
3 सहायक ग्रेड-3
1 स्टेनोग्राफर
1 सहायक राजस्व निरीक्षक
1 कम्प्यूटर ऑपरेटर
1 वाहन चालक
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत नगरीय निकायों में अधिकारियों और कर्मचारियों की नई पदस्थापना की गई है।
तीन CMO निलंबन से बहाल, विभागीय जांच रहेगी जारी
तबादला आदेश में तीन मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। विभाग ने सर्वश्री विकास पाटले, विष्णु प्रसाद यादव और जफर खान को विभागीय जांच जारी रखते हुए निलंबन से बहाल किया है।
बहाली के बाद विकास पाटले को दल्ली राजहरा नगर पालिका, विष्णु प्रसाद यादव को वाड्रफनगर नगर पंचायत और जफर खान को बिलाईगढ़ नगर पंचायत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है।
जांच के अंतिम परिणाम के आधार पर होगा निलंबन अवधि का निराकरण
राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तीनों अधिकारियों के विरुद्ध प्रचलित विभागीय जांच जारी रहेगी। वहीं उनके निलंबन काल का निराकरण विभागीय जांच के गुण-दोष और अंतिम परिणाम के आधार पर अलग से किया जाएगा।
नगरीय प्रशासन विभाग के इस बड़े फेरबदल को प्रदेश के नगरीय निकायों में प्रशासनिक व्यवस्था और कामकाज को नई गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
देखें सूची -

Social Plugin