Ad Code

Bilaspur Crime News : घर के पुराने सामान को लेकर सास-बहू में विवाद, दोनों ने दर्ज कराई FIR

 



चकरभाठा में घर के पुराने सामान को लेकर सास-बहू में विवाद, दोनों ने दर्ज कराई FIR

कृष्णा सोसायटी के पीछे की घटना, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धक्का देने और मारपीट करने के लगाए आरोप

बिलासपुर। चकरभाठा के वार्ड क्रमांक 14 स्थित कृष्णा सोसायटी के पीछे एक मकान में पुराने लकड़ी के सामान को लेकर सास-बहू के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सास ने बहू पर सीढ़ियों से धक्का देने, गाली-गलौज करने और हाथ-थप्पड़ से मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं, बहू ने सास पर गाली-गलौज कर धक्का देने और लकड़ी से मारपीट करने की शिकायत की है। पुलिस ने दोनों शिकायतों पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है।

कामवाली को पुराने सामान देने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, कविता रोचवानी अपने पति विजय रोचवानी, बड़े बेटे, बहू और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहती हैं। उनका मंझला बेटा तरुण रोचवानी अपनी पत्नी सुहानी रोचवानी और बच्चे के साथ मकान की ऊपरी मंजिल पर अलग रहता है।

शिकायत में कविता रोचवानी ने बताया कि घर की ऊपरी मंजिल पर लकड़ी की खिड़की, दरवाजे और अन्य पुराने सामान रखे हुए थे। आरोप है कि 26 अक्टूबर को उनकी अनुपस्थिति में बहू सुहानी ने ये सामान कामवाली लक्ष्मी बाई को यह कहते हुए दे दिया कि सामान बेकार पड़ा है। कविता के अनुसार, बड़ी बहू ने सामान देने से मना भी किया था, लेकिन इसके बावजूद सामान दे दिया गया।

27 अक्टूबर को कविता ने कामवाली से सामान वापस मंगवाया और उसे पहले वाली जगह पर रखने लगीं। इसी दौरान सुहानी ने कथित तौर पर सामान वहां रखने पर आपत्ति जताई। कविता का आरोप है कि बहू ने उन्हें सीढ़ियों से धक्का दिया, गाली-गलौज की और हाथ-थप्पड़ों से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस घटना में उनके दाहिने हाथ, कंधे और भुजा में चोट लगने की शिकायत की गई है। प्राथमिकी में कामवाली लक्ष्मी बाई और बड़ी बहू काब्या रोचवानी को घटना का गवाह बताया गया है।

बहू ने भी सास के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
दूसरी ओर, सुहानी रोचवानी ने भी अपनी सास कविता रोचवानी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सुहानी के अनुसार, वह अपने पति और एक साल के बच्चे के साथ मकान की ऊपरी मंजिल पर अलग रहती हैं। उनके मुताबिक, ऊपर के कमरों में पुराना लकड़ी का सामान रखा था, जिसे साफ करने के लिए उन्होंने 26 अक्टूबर को कामवाली लक्ष्मी बाई को दे दिया था।

सुहानी ने आरोप लगाया कि जब सास को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने कामवाली से सामान वापस मंगवा लिया और उसे फिर से कमरे के पास रखने लगीं। इस पर सुहानी ने आपत्ति जताई और सामान देने को लेकर सवाल किया। शिकायत के अनुसार, इसके बाद कविता ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें धक्का दिया तथा हाथ-थप्पड़ों और लकड़ी से मारपीट की। सुहानी ने अपने दाहिने पैर की जांघ में चोट और दर्द होने की बात कही है। उन्होंने अपनी बुआ सास रेखा रोचवानी को घटना का गवाह बताया है।

दोनों पक्षों पर अलग-अलग मामला दर्ज
चकरभाठा पुलिस ने 27 अक्टूबर 2026 को कविता रोचवानी की शिकायत पर सुहानी रोचवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 और 351(2) के तहत एफआईआर दर्ज की। वहीं, सुहानी रोचवानी की शिकायत पर कविता उर्फ कीर्ति रोचवानी के खिलाफ धारा 115(2) और 296 के तहत अलग मामला दर्ज किया गया है।

पुराने घरेलू सामान को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Ad code

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement