News Credit By Patrika
छत्तीसगढ़ में सहकारी बैंकों और समितियों में 1360 पदों पर होगी भर्ती, जानिए किस जिले में कितनी वैकेंसी
Cooperative Bank Recruitment : सहकारिता विभाग में भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश के जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों और उनसे संबद्ध प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में कुल 1360 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है।
रायपुर CG Cooperative Recruitment: सहकारिता विभाग ने प्रदेश के 5 जिला सहकारी केंद्रीय बैंक क्षेत्रों और उनसे संबद्ध प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में कुल 1360 पदों पर भर्ती की अनुमति दी है। स्वीकृत पदों में जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के विभिन्न संवर्गों के 198 पद और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में समिति प्रबंधक के 1162 पद शामिल हैं। समिति प्रबंधक के पदों में 596 पद सीधी भर्ती और 566 पद सीमित चयन के माध्यम से भरे जाएंगे।
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने 21 अगस्त को विभागीय समीक्षा बैठक में सहकारी बैंकों और समितियों में भर्ती प्रक्रिया शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने प्रस्तावों का परीक्षण कर भर्ती की अनुमति जारी कर दी है।
नियमों और आरक्षण प्रावधानों के अनुसार होगी भर्ती प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया संबंधित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कर्मचारी सेवा नियम-2023, आरक्षण नियमों, स्वीकृत पदों की संख्या और निर्धारित वित्तीय मानदंडों के अनुसार पूरी की जाएगी। चयन प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए संबंधित संभागीय संयुक्त पंजीयक को भर्ती एवं चयन समिति में अनिवार्य सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा।
बैंकों को भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में कर्मचारी सेवा नियमों और आरक्षण संबंधी प्रावधानों का पालन करना होगा। भर्ती प्रक्रिया सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन विशेष अनुमति याचिका (SLP) के अंतिम आदेश के अधीन रहेगी।
यह है क्षेत्र के अनुसार भर्ती के पद
क्षेत्र - पद
रायपुर - 508
बिलासपुर - 444
बस्तर-जगदलपुर - 187
दुर्ग-राजनांदगांव - 154
रायगढ़ - 67
यह हैं बैंक संवर्ग के पद
बैंक संवर्ग के स्वीकृत पदों में उप प्रबंधक, प्रोग्रामर, सहायक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, सहायक प्रोग्रामर और सामान्य सहायक के पद शामिल हैं। इन पदों पर कर्मचारियों की नियुक्ति होने से बैंकों के प्रशासनिक, तकनीकी और मैदानी कार्यों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने में सहायता मिलेगी।

Social Plugin