महासमुंद जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना बनी महिलाओं के लिए वरदान
मातृ स्वास्थ्य को मिला मजबूत संबल, ग्राम गढ़फुलझर निवासी श्रीमती सिमितिनी राणा हुई लाभान्वित
महासमुंद : महासमुंद जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। इस केंद्रीय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले की हजारों गर्भवती एवं धात्री महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार आ रहा है।
ग्राम गढ़फुलझर विकासखंड बसना की निवासी श्रीमती सिमितिनी राणा, पति दिवाकर राणा ने अपना जीवंत अनुभव साझा किया जो योजना की सफलता का जीता-जागता उदाहरण है। सिमितिनी राणा बताती हैं कि उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का फॉर्म आँगनबाड़ी दीदी के माध्यम से भरवाया था। गर्भावस्था के दौरान ही उन्हें पहली किश्त मिल गई। उस राशि से उन्होंने अपने लिए एक पौष्टिक आहार पैकेट तैयार किया और नियमित रूप से अच्छा खान-पान किया। बच्चे के जन्म के बाद दूसरी किश्त भी प्राप्त हो गई, जिससे उन्होंने बच्चे की अच्छी देखभाल की। आज वे और उनका बच्चा दोनों ही बहुत स्वस्थ हैं।
महिलाएं इस योजना से प्राप्त आर्थिक सहायता का उपयोग पोषण, स्वास्थ्य जांच और बच्चे की देखभाल में कर रही हैं, जिससे कुपोषण और मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी आ रही है। योजना के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में अब तक 4928 हितग्राही महिलाओं का नामांकन किया जा चुका है। योजना के तहत प्रथम संतान के लिए 3914 महिलाओं को पहली किश्त 3000 रुपए और 3532 महिलाओं को दूसरी किश्त 2000 रुपए प्रदान की गई है। साथ ही, दूसरी बालिका के जन्म पर माताओं को विशेष प्रोत्साहन राशि 6000 रुपए भी प्रदान किया जाता है।
Social Plugin