![]() |
| कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने सुनी लोगों की समस्या |
महासमुंद जनदर्शन में पहुंचे 50 आवेदन, कलेक्टर लंगेह ने अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
दिव्यांग राजेंद्र खूंटे की समस्या पर तत्काल संज्ञान, मेडिकल बोर्ड की अगली बैठक में दिव्यांगता प्रमाण पत्र नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन
महासमुंद, 03 नवंबर 2026। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। जनदर्शन में कुल 50 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
आम रास्ते पर अवैध कब्जे से लेकर आवास और राजस्व संबंधी शिकायतें पहुंचीं
जनदर्शन में ग्राम कांपा निवासी साजिद खान ने आम रास्ते पर अवैध कब्जे की शिकायत की। वहीं ग्राम मुंगई माता निवासी देवी सिंह ने एग्रीस्टैक पंजीयन से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया।
इसके अलावा स्वास्थ्य, कृषि एवं विद्युत विभाग से जुड़ी समस्याओं और मांगों के आवेदन भी प्राप्त हुए। प्रधानमंत्री आवास योजना, डीसीएस, अतिक्रमण एवं राजस्व मामलों से संबंधित शिकायतें भी नागरिकों ने कलेक्टर के समक्ष रखीं।
कलेक्टर श्री लंगेह ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दिव्यांग राजेंद्र खूंटे की समस्या के निराकरण की पहल
जनदर्शन के दौरान ग्राम खरोरा निवासी दिव्यांग श्री राजेंद्र कुमार खूंटे अपनी समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर के समक्ष दिव्यांगता प्रमाण पत्र के नवीनीकरण के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
कलेक्टर श्री लंगेह ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश्वर सिंह ने आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आवेदक को आश्वस्त किया कि आगामी मेडिकल बोर्ड की बैठक में उनके दिव्यांगता प्रमाण पत्र के नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
समस्या पर त्वरित संज्ञान लेने और निराकरण की पहल से प्रसन्न श्री राजेंद्र खूंटे एवं उनके दामाद श्री मनोज कुमार ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन की सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

Social Plugin