अवैध धान भंडारण पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, दो दिनों में राइस मिल समेत कई ठिकानों से बड़ी जब्ती
महासमुंद, 20 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और अवैध भंडारण व परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने बीते दो दिनों (19 एवं 20 नवंबर) में जिले के विभिन्न इलाकों में दबिश देकर बड़ी मात्रा में धान और चावल जब्त किया है।
19 नवंबर को हुई कार्रवाई
सरेकेल (तहसील महासमुंद): कृषक भूषण साहू के पास 103 पैकेट अवैध धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की गई।
मलदामाल (तहसील सरायपाली): वासुदेव भोई के गोदाम से लगभग 550 कट्टा रबी फसल का धान जब्त कर सिंघोड़ा थाना पुलिस को सौंपा गया।
भुरकोनी (तहसील पिथौरा): कामेश्वरी ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान से 280 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।
20 नवंबर को हुई कार्रवाई
कोमाखान: मेसर्स गुरुदेव इंडस्ट्रीज राइस मिल में भौतिक सत्यापन के दौरान अनियमितता व कमी पाए जाने पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 4,412 कट्टा धान और 1,160 कट्टा चावल जब्त किया गया।
जलकोट (तहसील बसना): बसंत प्रधान (पिता डमरूधर प्रधान) के पास से 51 पैकेट अवैध धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
बोड़रीदादर (तहसील कोमाखान): सरोज चंद्राकर (पति नरेश चंद्राकर) के गोदाम से 200 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।
बम्हनी: तहसीलदार महासमुंद श्री संतोष धुर्वे, मंडी सचिव श्री पूरनसिंह कश्यप, खाद्य निरीक्षक श्री सुशील शर्मा और मंडी उपनिरीक्षक अखिलेश राठिया की संयुक्त टीम ने खिलावन यादव के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया तथा 132 कट्टा अवैध धान मंडी अधिनियम के तहत जब्त किया।
प्रशासन की चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता, अवैध भंडारण या परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों के हितों की रक्षा और व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Social Plugin