टंगिया लेकर घर में घुसा युवक, महिला और बेटे को जान से मारने की धमकी; FIR दर्ज
महासमुंद। जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पैकिन (दादरडीपा) में पुरानी बात को लेकर एक महिला के घर में टंगिया लेकर घुसने, अश्लील गाली-गलौज करने और उसके छोटे बेटे को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही अरुण भोई के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पैकिन निवासी यसोदा भोई (42 वर्ष), पति ब्रह्मा भोई, ने 13 अक्टूबर 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे वह अपनी छोटी बेटी के साथ घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव का अरुण भोई, पिता श्रीराम भोई, हाथ में टंगिया लेकर उनके घर के किचन के अंदर घुस आया।
आरोप है कि युवक ने महिला के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसके छोटे बेटे को जान से मारने की धमकी दी। अचानक हुई इस घटना से महिला डर गई। इसी बीच उसके पति काम से घर पहुंचे और छोटा बेटा भी आ गया। दोनों ने बीच-बचाव कर किसी तरह अरुण भोई को वहां से भगाया।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना को पड़ोस में रहने वाली शशिमुखी भोई ने भी देखा है। परिवार घटना के बाद से डरा-सहमा हुआ है। महिला ने आशंका जताई कि आरोपी भविष्य में भी किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है। उसने पुलिस से उचित कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।
तीन धाराओं में अपराध दर्ज
सिंघोड़ा पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 296 और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।

Social Plugin