Ad Code

Crime news : बसना में आधी रात घर में घुसकर मारपीट का आरोप, JCB से गैरेज और दो बाइकों को पहुंचाया नुकसान

 



बसना में आधी रात घर में घुसकर मारपीट का आरोप, JCB से गैरेज और दो बाइकों को पहुंचाया नुकसान

महिला ने चार नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों पर लगाया हमला, बाल पकड़कर घसीटने और जान से मारने की कोशिश का आरोप; पुलिस ने दर्ज किया मामला

बसना/महासमुंद २८ अक्टूबर 2026 । महासमुंद जिले के बसना नगर में आधी रात घर में घुसकर मारपीट करने, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने और JCB मशीन से गैरेज व दो बाइकों को नुकसान पहुंचाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 26 और 27 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात की बताई जा रही है। पीड़िता सरिता साहू की लिखित शिकायत पर बसना पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

दरवाजा तोड़कर घर में घुसने का आरोप
पीड़िता सरिता साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 5, बसना के अनुसार, 26 और 27 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 12 बजे से 1:30 बजे के बीच अशोक कुमार साहू, सौरभ साहू, सुनील कुमार साहू और अर्जुन चौहान सहित कुछ अन्य लोग उनके घर पहुंचे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने घर का दरवाजा तोड़कर जबरन प्रवेश किया और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की।

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि घटना के दौरान उनके साथ रहने वाले कादम्बिनी नायक और राहुल नायक के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि सरिता साहू और कादम्बिनी नायक को बाल पकड़कर घसीटा गया तथा उनके कपड़े फाड़े गए।

JCB से कुचलने की कोशिश का आरोप
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने JCB मशीन से हमला कर पीड़ित परिवार के सदस्यों को कुचलने और जान से मारने का प्रयास किया। इसके अलावा, घर के गैरेज में भी JCB चलाकर वहां खड़ी दो बाइकों को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने घटना के बाद अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई है।

चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
बसना थाने में दर्ज FIR के अनुसार, पुलिस ने अशोक साहू, सौरभ साहू, सुनील कुमार साहू और अर्जुन चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिवार की सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपियों के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर उनके परिवार पर दोबारा हमला हो सकता है। साथ ही, परिवार के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की है।

फिलहाल मामले में पुलिस की विवेचना जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Ad code

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement