Ad Code

CG Election 2023 : प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ की जनता से किए 8 वादे, महिला स्व-सहायता समूहों की होगी कर्जा माफ

 



News Credit By ndtv

CG Election 2023 : छत्तीसगढ के खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के जालबांधा गांव में प्रियंका गांधी ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए महिलाओं, आम जनता और किसानों के लिए 8 घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ में फिर से कांग्रेस की सरकार आने पर ये वादे पूरे किए जाएंगे ।

Chhattisgarh Election 2023 : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra in Chhattisgarh) ने छत्तीसगढ़ की जनता से वादा किया है कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बरकरार रहने पर महतारी न्याय योजना (Mahtari Nyay Yojna) लागू की जाएगी. जिसके तहत प्रति सिलेंडर की रिफिल करने पर पांच सौ रुपए की सब्सिडी (Subsidy in Cylinder) दी जाएगी. इसके अलावा उन्होंने वादा किया कि राज्य में दो सौ यूनिट तक बिजली भी मुफ्त दी जाएगी. प्रियंका गांधी ने खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के जालबांधा गांव में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए महिलाओं, आम जनता और किसानों के लिए आठ घोषणाएं (8 promises of Priyanka Gandhi) कीं.

प्रियंका ने कहा, "महिला स्व-सहायता समूहों के सक्षम योजना के अंतर्गत लिए गए कर्ज माफ किए जाएंगे. इसके साथ ही आगामी वर्षों में 700 नए ग्रामीण औद्योगिक पार्कों की स्थापना की जाएगी.''

प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ की जनता से किए कई वादे
प्रियंका ने घोषणा की, ''राज्य के सभी सरकारी स्कूलों को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश और हिंदी मीडियम स्कूलों में अपग्रेड किया जाएगा. छत्तीसगढ़ के निवासियों के सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आकस्मिक दुर्घटनाओं में घायल होने पर मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत निःशुल्क इलाज किया जाएगा. परिवहन व्यवसाय से जुड़े 6,600 से अधिक वाहन मालिकों के वर्ष 2018 तक के 726 करोड़ राशि के बकाया मोटरयान कर और कर्ज के ब्याज को माफ किया जाएगा. इसके साथ ही राज्य के किसानों से 'तिवरा' फसल को भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा.''

CM भूपेश ने भी दी गारंटी
बाद में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Chief Minister Bhupesh Baghel) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ''हमारी गारंटी : महतारी न्याय योजना. फिर से कांग्रेस की सरकार बनते ही छत्तीसगढ़ की माताओं एवं बहनों के लिए 'महतारी न्याय योजना' लागू कर प्रति सिलेंडर की रिफिल करने पर 500 रुपए की सब्सिडी घर की महिला के बैंक खाते में सरकार द्वारा सीधे जमा की जाएगी.''

बेहतर भविष्य के लिए कांग्रेस को दें वोट
प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें बुखार है लेकिन जनता की खुशी देखकर उन्हें खुशी हो रही है. उन्होंने कहा कि वह पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश गई थीं, लेकिन वहां की जनता खुश नहीं थी. उन्होंने कहा कि खैरागढ़ राजपरिवार और गांधी-नेहरू परिवार के बीच हमेशा से अच्छे रिश्ते रहे हैं और मुख्यमंत्री बघेल ने कांग्रेस की तरफ से उस रिश्ते को निभाते हुए खैरागढ़ को जिला बनाने की मांग पूरी की. प्रियंका ने जनता से आग्रह किया कि वह अपने और अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कांग्रेस को वोट दें.

MP में हुए 220 घोटाले : प्रियंका
प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से जनता के कल्याण के लिए किए गए कामों की सराहना की और कहा कि मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार के कारण वहां की जनता दुखी है. उन्होंने कहा "वहां की सरकार ने 22000 घोषणाएं कीं, लेकिन एक को भी पूरा नहीं किया बल्कि 220 घोटाले कर दिए.'' उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में किसानों, महिलाओं, आदिवासियों, दलितों सभी के लिए काम किया. पहले बस्तर नक्सल समस्या के लिए जाना जाता था लेकिन आज वह मिलेट यानी मोटे अनाज के उत्पादन के लिए जाना जाता है.

भाजपा सिर्फ वादे करती है काम नहीं : प्रियंका
प्रियंका गांधी ने जाति आधारित जनगणना की वकालत करते हुए कहा "जब संख्या के बारे में जानकारी ही नहीं होगी तब योजनाएं कैसी बनेंगी? लोगों का विकास कैसे होगा? भाजपा केवल कहती है कि वह एसटी, एससी, ओबीसी का उत्थान करना चाहती है, लेकिन जब जाति जनगणना की बात आती है तब वह साफ मना कर देती है.'' उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा, ''महिला आरक्षण विधेयक पारित कर दिया गया. खूब प्रचार किया गया लेकिन जानकारी मिली कि यह 10 साल तक लागू नहीं होगा. प्रचार हो जाता है, पब्लिसिटी भी हो जाती है लेकिन जमीन पर काम नहीं होता है. यह इनकी राजनीति है.''




Ad code

ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement