पिथौरा में कीटनाशी दुकानों का औचक निरीक्षण, अनियमितता पर कारण बताओ नोटिस जारी
महासमुंद : कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार एवं उप संचालक कृषि फागूराम कश्यप के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा पिथौरा विकासखंड के कीटनाशी विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान राजा कृषि केन्द्र सांकरा, पटेल कृषि केन्द्र लाखागढ़ एवं मातृ कृषि सेवा केन्द्र टेका का निरीक्षण किया गया। जांच में संबंधित फर्मों द्वारा स्टॉक रजिस्टर का संधारण नहीं करना, अवसान तिथि समाप्त हो चुके कीटनाशक दवाओं को प्रतिष्ठान में रखना, मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं करना तथा निर्धारित प्रोफार्मा के अनुसार कृषकों को बिल उपलब्ध नहीं कराने जैसी अनियमितताएं पाई गईं। अनियमितताओं के संबंध में संबंधित फर्मों को कीटनाशी अधिनियम, 1968 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर पांच दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा जवाब संतोषप्रद नहीं पाए जाने की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठानों के कीटनाशी लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
जिला स्तरीय निरीक्षण दल में डॉ. परमजीत सिंह कंवर, सहायक संचालक कृषि, बृजेश कुमार तुरकाने, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पिथौरा, उमेश चंद्राकर, कृषि विकास अधिकारी महासमुंद तथा ओमप्रकाश चंद्राकर एवं भूषण साहू, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।
Social Plugin