जनसमस्याओं के निराकरण में देरी नहीं चलेगी, समय-सीमा में करें समाधान : कलेक्टर लंगेह
सीएम हेल्पलाइन, सेवा संकल्प अभियान, डीसीएस सर्वे समेत विभागीय कार्यों की समीक्षा; अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा, ई-ऑफिस और डीसीएस सर्वे की भी ली जानकारी
महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में चल रहे विभागीय कार्यों, लंबित प्रकरणों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं एवं जनहित से जुड़े मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत की सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समय पर करें निराकरण
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को एल-1 स्तर पर प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण प्रथम स्तर पर ही किया जाए। इसके लिए अधिकारियों को 7 से 10 दिवस की निर्धारित समय-सीमा का विशेष रूप से पालन करने को कहा गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आवेदकों की समस्याओं का संवेदनशीलता से परीक्षण करते हुए केवल औपचारिक निराकरण न करें, बल्कि गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। सभी विभागों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल का नियमित अवलोकन कर लंबित शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की समीक्षा
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आयोजित करते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 23 सितंबर को जिले के सभी नगरीय निकायों में जल स्रोतों की सफाई एवं वृक्षारोपण की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं 24 सितंबर को सफाई कर्मियों के लिए हेल्थ कैंप, सड़क सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान तथा नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा।
25 सितंबर को प्लास्टिक मुक्त अभियान के अंतर्गत नागरिकों को प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने तथा कपड़े एवं जूट के बैग के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस दौरान बैग वितरण की गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
कलेक्टर ने ‘सेवा के रंग’, ‘आंगन मिलन’, ‘सेवा कलश यात्रा’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ सहित अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों की भी जानकारी ली। सेवा सेतु अभियान के तहत 1, 3, 5 एवं 6 अक्टूबर को क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ई-ऑफिस और आधार आधारित उपस्थिति पर जोर
कलेक्टर ने बैठक में ई-ऑफिस व्यवस्था एवं आधार आधारित उपस्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा आधार आधारित उपस्थिति व्यवस्था का नियमित पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले में बिना मान्यता संचालित अवैध क्लीनिकों एवं स्कूलों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
डीसीएस सर्वे की प्रगति की ली जानकारी
कलेक्टर लंगेह ने डीसीएस सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सर्वे कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा सर्वे के दौरान सभी संबंधित प्लॉट एवं आवश्यक अभिलेखों की जानकारी व्यवस्थित, सही एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। पटवारियों को सर्वे किए गए प्लॉटों का अप्रूवल शीघ्र करने के लिए कहा गया।
न्यायालयीन प्रकरण और जन शिकायतों की भी समीक्षा
बैठक में कलेक्टर ने न्यायालयीन प्रकरणों में जवाब-दावा समय पर प्रस्तुत करने, सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम तथा विभिन्न जन शिकायतों की स्थिति की भी समीक्षा की।
इस दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को समय-सीमा, गुणवत्ता और जनहित को प्राथमिकता देते हुए शासकीय कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Social Plugin