Ad Code

स्कूटी पर कांग्रेस विधायक, बोली नहीं चाहिए सुरक्षा, पति की गिरफ्तारी के बाद भूपेश सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

एट्रोसिटी मामले में आखिरकार कांग्रेस के खुज्जी विधायक छन्नी साहू के पति चंदू साहू की गिरफ्तारी हो गई है। सरेंडर के बाद पुलिस ने चंदू साहू को गिरफ्तार कर न्यायायिक रिमांड पर लिया है।

राजनांदगांव. एट्रोसिटी मामले में आखिरकार कांग्रेस के खुज्जी विधायक छन्नी साहू के पति चंदू साहू की गिरफ्तारी हो गई है। सरेंडर के बाद पुलिस ने चंदू साहू को गिरफ्तार कर न्यायायिक रिमांड पर लिया है। शनिवार को विधायक स्वयं अपने पति को लेकर एसपी कार्यालय पहुंची थीं, जहां उन्होंने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप भी लगाया और उनके सुरक्षा में लगे पीएसओ को लौटाते हुए एसपी कार्यालय से अकेले ही स्कूटी पर निकल गईं। इससे पहले विधायक ने प्रेस क्लब में मीडिया से चर्चा भी की हैं। विधायक पति पर रेत परिवहन में चालक के रूप में लगे एक आदिवासी युवक के साथ दो महीने पहले गाली-गलौज करने और धमकाने की शिकायत सामने आई थी। विधायक पति की गिरफ्तारी को लेकर आदिवासी समाज एकजुट था। हाल ही में पदाधिकारियों ने जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी।



विधायक छन्नी साहू ने प्रेस से चर्चा करते हुए पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वे खुज्जी क्षेत्र में चल रहे अवैध रेत उत्खनन के विरोध में थीं। इसी वजह से उन्हें क्षेत्र के रेत माफियाओं द्वारा वाहन चालक से झूठी शिकायत करवा कर फंसाया गया है। मेरे पति के खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र करते हुए उनके खिलाफ झूठी शिकायत कराई गई। जबकि क्षेत्र से हो रही रेत परिवहन को लेकर चालक को सिर्फ समझाइश दी गई थी। उस समय मेरे साथ सुरक्षा जवान और फॉलो गाड़ी थी। उनके रहते यदि मैं या मेरा परिवार सुरक्षित नहीं है, तो ऐसे में पुलिस सुरक्षा की मुझे कोई आवश्यकता नहीं है। इसलिए मैंने मेेरे सुरक्षा में लगे जवानों को लौटा दिया है। मैं अकेले ही जनता के बीच जा सकती हूं। हालांकि उन्हें कौन फंसा रहा और उनकी सुनवाई क्यों नहीं हो रही, इन सवालों का वह स्पष्ट जवाब नहीं दे पाईं।



दो माह में पुलिस नहीं कर पाई जांच
एसपी कार्यालय से निकलने के बाद विधायक छन्नी ने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम के दौरान मेरे साथ पुलिस के जवान मौजूद थे। किसी तरह कोई गाली-गलौज नहीं हुई थी। इन सब तथ्यों की जानकारी देने के बाद भी पुलिस दो महीने में जांच नहीं कर पाई। जबकि मेरे पति पर बिना जांच किए ही तीन दिनों के भीतर एट्रोसिटी का मामला दर्ज किया गया था।

बाबा खेमे से है विधायक
इस पूरे मामले को लेकर चर्चा है कि खुज्जी विधायक छन्नी साहू स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव खेमे से है। इसी वजह से उन्हें राजनीतिक षड्यंत्र का शिकार होना पड़ा। विधायक का आरोप है कि क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन चल रहा है, जिसका वह विरोध कर रही थी। अब यहां यह बताना भी लाजमी है कि क्षेत्र से कांग्रेसी नेता अरुण सिन्हा द्वारा ही रेत निकासी कराया जा रहा है और उनकी गाड़ी चला रहे आदिवासी युवक से विधायक पति द्वारा गाली-गलौज व मारपीट का आरोप लगा था। ऐसे में यह भी साफ है कि जिले सहित पूरे प्रदेश में कांग्रेस में अंतर्कलह चल रही है। दो फाड़ हो चुके कांग्रेसियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है।
कांग्रेसी विधायक को नहीं मिला न्याय !
कांग्रेस की सत्ता सरकार होने और सीएम भूपेश बघेल तक विधायक द्वारा पूरे मामले की जानकारी देने के बाद भी उनके साथ न्याय नहीं हुआ। यह बड़ी बात है। जब प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता सरकार होने के बाद भी एक विधायक को न्याय नहीं मिल रहा, तो भला आम आदमी को विधायक या कांग्रेसी कैसे न्याय दिला पाएंगे। यह बड़ा सवाल है।
मैं और मेरा परिवार असुरक्षित
छन्नी साहू, विधायक खुज्जी ने कहा कि पुलिस से मुझे फोन आया था, वे मुझे सहयोग करने को कह रहे थे। ऐसे में मैं रेत माफियाओं के सामने अपने परिवार को असुरक्षित महसूस कर रही हूं। इसीलिए मैंने एसपी ऑफिस पहुंचकर सुरक्षा गार्ड लौटा दिया है। मैं अपने क्षेत्र में बिना सुरक्षा के अकेले रहकर भी जनता की सेवा कर सकती हूं। संजय महादेवा, एडिशनल एसपी ने बताया कि पूर्व में दर्ज हुए एट्रोसिटी मामले में चंदू साहू ने सरेंडर किया है। इसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है।
(News Credit by Patrika)


Ad code

ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement