Ad Code

Mahasamund : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्राम कमरौद में बरगद पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं



मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्राम कमरौद में बरगद पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

महासमुंद : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के अंतर्गत आज महासमुंद जिले के विकासखंड बागबाहरा अंतर्गत ग्राम कमरौद पहुंचकर बरगद पेड़ के नीचे ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाई और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। इससे पूर्व मुख्यमंत्री साय ने माँ दुर्गा मंदिर कमरौद में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, येतराम साहू, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर एवं श्रीमती अलका चंद्राकर उपस्थित रहे।

भीषण गर्मी के बीच गांव के विशाल बरगद के पेड़ के नीचे आयोजित चौपाल में मुख्यमंत्री साय ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि सरकार गांव-गांव पहुंचकर यह जानना चाहती है कि लोगों को राशन, बिजली, प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ सही तरीके से मिल रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि आज उनका सौभाग्य है कि वे कमरौद गांव पहुंचे हैं। चौपाल में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार, विशेष सचिव रजत बंसल, संभागायुक्त  श्याम धावड़े, कलेक्टर विनय लंगेह तथा पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण महिलाओं से महतारी वंदन योजना की राशि मिलने की जानकारी ली। इस दौरान महिलाओं ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से राशि प्राप्त हो रही है। देव कुमारी साहू ने कहा कि वह इस राशि को अपनी बेटी के भविष्य के लिए जमा कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक वे प्रदेश के 16 जिलों का दौरा कर चुके हैं और लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं।

चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के 5वीं कक्षा के छात्र पूर्वांश साहू से मुस्कुराते हुए पूछा कि सेल्फी लेंगे क्या? जिसके बाद छात्र ने उत्साहपूर्वक मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ली। मुख्यमंत्री ने बिजली बिल समाधान योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इसके लिए बिजली विभाग में पंजीयन कराना होगा। उन्होंने बताया कि राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 18 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा 10 लाख अतिरिक्त आवासों का निर्माण भी प्रारंभ हो गया है। सरकार लगातार गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

किसानों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में खाद संकट की स्थिति बनी हुई है, जिसका एक कारण अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियां और खाड़ी युद्ध भी है। इसके बावजूद सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने नैनो यूरिया के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने बताया कि जल्द ही राज्य सरकार ऑनलाइन शिकायत समाधान व्यवस्था प्रारंभ करने जा रही है, जिससे लोग घर बैठे मोबाइल फोन के माध्यम से अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे। इसके लिए शीघ्र ही टोल फ्री नंबर भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा अब तक प्रदेश में 6000 केंद्र खोले जा चुके हैं। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरपुर बैराज और सिकासेर से कोडार परियोजना जिले के लिए जीवनदायिनी साबित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय दुगुना करने संकल्पित है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष बजट में जिले में सिंचाई क्षमता को बढ़ानें 3200 करोड़ की लागत से सिकासेर बांध गरियाबंद से शहीद वीर नारायण सिंह जलाशय कोडार में पानी लाने की व्यवस्था किया जा रहा है।

चौपाल के दौरान ग्राम की लता साहिस ने बताया कि उन्हें पक्का मकान, महतारी वंदन योजना की राशि तथा गैस सिलेंडर का लाभ मिला है। वहीं मधु साहू ने बताया कि वे मछली पालन कर रहे हैं, गर्मी के दिनों में पानी की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने सोलर आधारित बोर की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। बिहान योजना से जुड़ी परी साहू ने कहा कि वे बिहान से जुड़कर लखपति दीदी कहलाने लग गई है। उन्होंने बताया कि बिहान से उन्हें बहुत लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि वे फैंसी एवं किराना दुकान संचालित कर आत्मनिर्भर बनी हैं। इस दौरान महिलाओं ने क्लस्टर भवन की मांग भी रखी। इसी तरह पूर्व सरपंच भवन साहू ने ग्राम विकास के लिए मुक्ति धाम, सीसी रोड एवं तालाब सौंदर्यीकरण की मांग रखी। ग्रामीणों ने कमरौद से चरोदा मार्ग निर्माण की भी मांग की। ग्रामीण मोहन कुलदीप ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए बताया कि उन्होंने दिसंबर 2025 में सोलर पैनल लगवाया है, जिसके लिए उन्हें 1 लाख 8 हजार रुपए की सब्सिडी मिली। पहले उनका बिजली बिल 3500 रुपए आता था, जो अब शून्य हो गया है। मुख्यमंत्री ने उपस्थित ग्रामीणों को इस योजना का लाभ उठाने प्रोत्साहित किया।

दिव्यांग हितग्राहियों के चेहरे पर मुस्कान, मुख्यमंत्री के हाथों मिला व्हीलचेयर और ट्रायसिकल
चौपाल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा तीन दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री के हाथों व्हीलचेयर प्राप्त कर भारती मारकण्डेय के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से उन्हें आने-जाने और दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब व्हीलचेयर मिलने से उनका जीवन काफी आसान हो जाएगा। भारती ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि शासन की इस सहायता से उन्हें नई उम्मीद और आत्मविश्वास मिला है।

इसी तरह रवि कुमार पटेल एवं याद राम साहू को ट्रायसिकल प्रदान की गई। ट्रायसिकल पाकर रवि कुमार बेहद उत्साहित नजर आए। उन्होंने बताया कि आवागमन में होने वाली परेशानियों के कारण उन्हें कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब वे आसानी से अपने कार्य कर सकेंगे। रवि कुमार ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके लिए किसी बड़े सहारे से कम नहीं है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के जीवन को सहज और सम्मानजनक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जरूरतमंद हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से पहुंचाया जाए।

मुख्यमंत्री ने की भवन निर्माण, मुक्ति धाम एवं कमरौद से चरोदा सड़क निर्माण की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्राम कमरौद में आयोजित चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ग्रामीणों की मांगों पर सहमति जताते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए सर्व सुविधायुक्त भवन निर्माण की घोषणा की। इस भवन में महिलाओं के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं स्व-सहायता समूहों से जुड़ी गतिविधियों के संचालन हेतु आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे महिलाओं को एक बेहतर मंच मिल सकेगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कमरौद से चरोदा तक लगभग 4 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण की घोषणा की। सड़क निर्माण से दोनों गांवों के बीच आवागमन सुगम होगा तथा ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कमरौद में मुक्तिधाम निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है, इस पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।

Ad code

ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer ad inner footer

Ad Code

Responsive Advertisement